उत्तराखंड में पिछले 24 घंटों में मानसून तीव्र रहा, देहरादून के मालदेवता में सर्वाधिक 233 मिमी बारिश दर्ज की गई। भारी वर्षा से कई स्थानों पर सड़कें क्षतिग्रस्त हुईं, जलभराव और भूस्खलन की घटनाएं सामने आईं।
देहरादून। उत्तराखंड में पिछले 24 घंटे के दौरान मानसून पूरी तरह तीव्र रहा। सबसे अधिक वर्षा देहरादून जिले के मालदेवता में 233 मिमी दर्ज की गई।
इसके अलावा हाथीबड़कला में 194.5 मिमी, जौलीग्रांट में 172.2 मिमी और मसूरी में 163 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। लगातार हुई भारी बारिश से कई स्थानों पर सड़कें क्षतिग्रस्त हुईं, जलभराव और भूस्खलन की घटनाएं भी सामने आईं।
बारिश के आंकड़ों के अनुसार उखीमठ में 120 मिमी, डीडीहाट में 102 मिमी, मोहकमपुर में 95.8 मिमी, धनोल्टी में 88 मिमी तथा ऋषिकेश में 61.4 मिमी वर्षा हुई। उत्तरकाशी मुख्यालय में 61 मिमी, जखोली में 58 मिमी, सितारगंज में 57 मिमी और भटवाड़ी में 55 मिमी बारिश दर्ज की गई।
वहीं कर्णप्रयाग क्षेत्र में 53.3 मिमी, कपकोट में 53 मिमी, जोशीमठ में 51 मिमी तथा देवप्रयाग और बागेश्वर में 50-50 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। बांगापानी में 42 मिमी, सल्ट और किच्छा में 40-40 मिमी तथा धारचूला में 38.8 मिमी बारिश दर्ज की गई।
देहरादून जिले में सबसे अधिक बारिश मालदेवता, हाथीबड़कला, जौलीग्रांट और मसूरी में होने से कई संपर्क मार्ग प्रभावित हुए। प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है और लोगों से नदी-नालों के आसपास नहीं जाने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।