
सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस ने मुरादाबाद से प्रतिबंधित कफ सिरप बेचने आए एक नशा तस्कर मोहम्मद सुहेल को रुड़की में गिरफ्तार किया है। उसके पास से 100 प्रतिबंधित कफ सिरप और एक बाइक बरामद हुई।
रुड़की। उप्र के मुरादाबाद से प्रतबंधित कफ सिरप बेचने आये एक नशा तस्कर को सिविललाइंस कोतवाली पुलिस ने धर दबोचा। आरोपित के पास से बाइक और सौ प्रतिबंधित कफ सिरप मिले है। पुलिस ने आरोपित पर मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह रुड़की में किसी यह खेप बेचने के लिए आया था। आरोपित से गहनता से पूछताछ की जा रही है।
सिविललाइंस कोतवाली पुलिस को मंगलवार की देर शाम सूचना मिली कि उप्र के मुरादाबाद से एक नशा तस्कर रुड़की में प्रतिबंधित दवाओं की खेप बेचने के लिए आ रहा है। इस सूचना पर सिविललाइंस कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट ने पुलिस टीम को सतर्क करते हुए आरोपित की धरपकड़ के लिए रवाना किया। पुलिस की टीम ने आरोपित की धरपकड़ करने के लिए गंगनहर पटरी पर पीरबाबा कालोनी के पास चेकिंग शुरू कर दी।
पुलिस की टीम ने चेकिंग के दौरान एक बाइक सवार युवक को रोक लिया। पुलिस की भनक पाकर वह भागने लगा लेकिन पीछा कर उसे पकड़ लिया। पुलिस को आरोपित के पास एक बैग मिला। जिसमें सौ प्रतिबंधित कफ सिरप थे। पुलिस आरोपित को कोतवाली ले आई। पूछताछ में आरोपित ने अपना नाम मोहम्मद सुहेल निवासी बहेड़ी ब्रहमनान भोजपुर मुरादाबाद, उप्र बताया।
आरोपित ने बताया कि यह खेप वह किसी को बेचने के लिए लेकर आया था। पुलिस ने आरोपित के पास से बाइक भी बरामद की। बाइक को पुलिस ने सीज कर दिया। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह खेप रुड़की में किसे बेचनी थी और यह खेप किस मेडिकल स्टोर से खरीदकर लाया था।
सिविललाइंस कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट ने बताया कि आरोपित पर मुकदमा दर्ज किया गया है। रुड़की में इसके संपर्क में आने वाले लोगों की कुंडली खंगाली जा रही है। नशे के इस पूरे नेटवर्क को ध्वस्त किया जायेगा।









