
देहरादून के रायपुर क्षेत्र में हाथियों की लगातार मौजूदगी से लोगों में भय का माहौल है। महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज के पास रात में हाथी सड़कों पर घूमते और वाहनों को नुकसान पहुंचाते देखे गए हैं।
थानो मार्ग पर उन्हें कूड़े में खाते भी देखा गया। क्षेत्रवासियों ने वन विभाग से हाथियों को जंगल में खदेड़ने और स्थायी समाधान की मांग की है। वन विभाग ने गश्त बढ़ा दी है।
देहरादून। दून के रायपुर क्षेत्र में हाथियों की लगातार मौजूदगी से लोगों में भय का माहौल बन गया है। महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कालेज के आसपास कई दिनों से हाथियों की चहलकदमी जारी है।
अब हाथी रात को सड़क पर टहलते दिख रहे हैं। साथ ही सड़क किनारे खड़े वाहनों को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं। क्षेत्रवासियों ने वन विभाग से हाथियों को जंगल में खदेड़ने की मांग की है।
बीते कई दिनों से रायपुर वन रेंज के अंतर्गत हाथियों का एक झुंड महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कालेज और उसके आसपास के इलाकों में देखा जा रहा है।
थानो मार्ग पर हाथियों को कूड़े के ढेर में गंदगी खाते हुए देखा गया, जिसके बाद उनकी रिहायशी क्षेत्रों में चहलकदमी भी बढ़ गई है। स्थिति तब और गंभीर हो गई जब हाथियों को महाराणा प्रताप चौक के पास सड़क पर टहलते हुए देखा गया।
शुक्रवार देर रात दो हाथी सड़क पर घूमते मिले और सड़क किनारे खड़ी कई गाड़ियों को नुकसान भी पहुंचाया। अचानक सामने आए हाथियों से स्थानीय लोग सहम गए और देर रात तक अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।
बताया जा रहा है कि आवारा कुत्तों के एक झुंड ने शोर मचाकर हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ा, जिसके बाद हाथी मालदेवता मार्ग की दिशा में चले गए।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाथियों को सुरक्षित रूप से जंगल की ओर भेजा गया। वन विभाग का कहना है कि रायपुर वन रेंज के तहत रिहायशी इलाकों के आसपास नियमित गश्त की जा रही है और रात्रि गश्त को भी बढ़ा दिया गया है।
वहीं, क्षेत्रवासियों ने हाथियों की बढ़ती आवाजाही को लेकर चिंता जताते हुए स्थायी समाधान की मांग की है, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।









