
कुख्यात गैंगस्टर सुनील राठी से नजदीकी चर्चित प्रॉपर्टी डीलर को भारी पड़ेगी। एसटीएफ के हत्थे चढ़े शूटरों से राज खुला। पूर्व में चर्चित हत्याकांड में डीलर जेल जा चुका है।
स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) के हत्थे चढ़े पौड़ी जेल में बंद कुख्यात गैंगस्टर सुनील राठी के दो शूटरों से हरिद्वार के एक विवादित प्रॉपर्टी डीलर का कनेक्शन भी निकलकर सामने आ गया है।
एसटीएफ की प्रारंभिक जांच में राठी से प्रॉपर्टी डीलर की नजदीकी और लगातार संपर्क में रहने का खुलासा हुआ। डीलर अब एसटीएफ के रडार पर आ गया है। जल्द ही उस पर शिकंजा कस सकता है।
एसटीएफ के मुताबिक, बृहस्पतिवार देर रात भानू चौधरी निवासी मील्स न्यू कॉलोनी थाना सदर सहारनपुर और पारस निवासी प्रेमपुरी थाना कोतवाली मुजफ्फरनगर को गिरफ्तार किया था। दोनों से दो अवैध पिस्तौल, कारतूस व कार बरामद की थी। एसटीएफ ने खुलासा किया कि आरोपी पारस पूर्व में मुख्तार असांरी व संजीव जीवा गैंग का प्रमुख शूटर रह चुका है।
दोनों की मौत के बाद सुनील राठी गैंग से जुड़ गया। राठी के इशारे पर हरिद्वार और देहरादून की बेशकीमती विवादित जमीनों में हस्तक्षेप कर राठी के लिए उगाही कर रहा था। लगातार राठी के संपर्क में भी था।
एसटीएफ के मुताबिक हरिद्वार के एक विवादित प्रॉपर्टी डीलर का नाम भी पूछताछ में सामने आया। डीलर पूर्व में एक चर्चित हत्याकांड में जेल जा चुका है। अदालत ने उसे सजा भी सुनाई थी, लेकिन फिलहाल वह जमानत पर बाहर है।
खुलासा किया कि प्रॉपर्टी डीलर लगातार सुनील राठी के सम्पर्क में था। उसकी राठी से नजदीकी हरिद्वार जेल बंद रहने के समय से ही है। एक रंगदारी के मामले में भी उस पर शिकंजा कसा गया था।
अब फिर से कुख्यात सुनील राठी से डीलर की नजदीकी उजागर होने पर स्थानीय पुलिस, खुफिया एजेंसी भी सक्रिय हो गई है। एसटीएफ ने भी उसे अपने रडार पर ले लिया है।









