
उत्तराखंड के मत्स्य पालकों के लिए खुशखबरी है. अब विदेशों में भी ट्राउट फिश की सप्लाई की जाएगी. जिसका फायदा मत्स्य पालकों को होगा.
देहरादून: उत्तराखंड में मत्स्य पालकों की आय को बढ़ाने के लिए तमाम योजनाएं संचालित की जा रही हैं. जिसके तहत हाल ही में राज्य सरकार ने 170 करोड़ रुपए की लागत से ट्राउट प्रोत्साहन योजना की शुरुआत की है. इस योजना के जरिए तमाम सुविधाएं मत्स्य पालकों को उपलब्ध कराई जाएंगी.

इसी कड़ी में मत्स्य विभाग द्वारा प्रदेश के मत्स्य पालकों को एक बड़ा मार्केट उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है. जिसके तहत मत्स्य विभाग जल्द ही दुबई में भी उत्तराखंड की ट्राउट फिश भेजने जा रहा है. इसके लिए खाद्य सुरक्षा और अन्य प्रमाण पत्रों को बनाने की कवायद में मत्स्य विभाग जुटा हुआ है.
आईटीबीपी को सप्लाई की जा चुकी 30.70 टन ट्राउट फिश: बता दें कि मत्स्य विभाग पहले से ही आईटीबीपी यानी भारत तिब्बत सीमा पुलिस को ट्राउट फिश सप्लाई कर रहा है. पिछले 15 महीने में 30.70 टन ट्राउट फिश आईटीबीपी को सप्लाई की जा चुकी है. जबकि, उत्तराखंड में ट्राउट फिश का उत्पादन लगातार बढ़ता जा रहा है. जिसके चलते ट्राउट फिश के लिए और बड़े बाजार की जरूरत है.

दुबई में भी ट्राउट फिश सप्लाई करने की कवायद: यही वजह है कि राज्य सरकार की ओर से आईटीबीपी के अलावा भारतीय सेना के साथ भी बातचीत की जा रही है. ताकि, उन्हें भी ट्राउट फिश की सप्लाई की जा सके. इसी बीच राज्य सरकार ने एक और कदम आगे बढ़ते हुए दुबई में भी ट्राउट फिश की सप्लाई करने का निर्णय लिया है.
करीब 20 टन ट्राउट फिश भेजी जाएगी दुबई: दुबई में ट्राउट फिश की काफी ज्यादा डिमांड है. जिसके चलते पहले फेज में करीब 20 टन ट्राउट फिश दुबई भेजी जाएगी. भारत सरकार का मानना है कि दुबई में ट्राउट फिश की सप्लाई होने से न सिर्फ मत्स्य पालकों को ट्राउट फिश के बेहतर दाम मिलेंगे. बल्कि, इससे और ज्यादा किसान ट्राउट फिश उत्पादन के प्रति प्रोत्साहित होंगे.
उत्तराखंड से संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) को ट्राउट के निर्यात करने के लिए तमाम कागजी कार्रवाई की भी जरूरत होती है. जिसके तहत खाद्य सुरक्षा के साथ ही अन्य जरूरी सर्टिफिकेट लेने होते हैं. यही वजह है कि मत्स्य विभाग सभी कागजी कार्रवाइयों को पूरा करने और जरूरी सर्टिफिकेट लेने की कवायद में जुट गया है, ताकि, जल्द से जल्द उत्तराखंड की ट्राउट फिश को दुबई एक्सपोर्ट करने की प्रक्रिया शुरू की जा सके.
गल्फूड में लोगों को खूब पसंद आया था उत्तराखंड का ट्राउट फिश: दरअसल, दुबई में इसी साल 26 से 30 जनवरी तक गल्फूड का आयोजन किया गया था. जिसमें उत्तराखंड मत्स्य पालन विभाग की ओर से उत्तराखंड ट्राउट फिश का प्रदर्शन किया गया था. इस गल्फूड के दौरान दुबई के लोगों को उत्तराखंडी ट्राउट काफी ज्यादा पसंद आयी थी.
संयुक्त अरब अमीरात के कई फाइनेंशियर्स (Financiers) ने मत्स्य विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर दुबई में ट्राउट फिश की आपूर्ति का आग्रह किया था. इसके बाद अब उत्तराखंड सरकार दुबई में ट्राउट फिश को एक्सपोर्ट करने की तैयारी कर रही है. शुरुआती दौर में 20 टन ट्राउट फिश एक्सपोर्ट करने का निर्णय लिया गया है. फिर डिमांड के आधार पर एक्सपोर्ट को बढ़ाया जाएगा.
उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियां ट्राउट पालन के लिए मुफीद: उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों के चलते मत्स्य पालन स्थानीय लोगों के लिए रोजगार का एक बेहतर जरिया बन सकता है. यही वजह है कि उत्तराखंड सरकार ट्राउट फिश के उत्पादन को बढ़ावा दे रही है. क्योंकि, इससे मत्स्य पलकों को काफी ज्यादा लाभ मिलेगा और इस मछली की डिमांड भी काफी ज्यादा है.
उत्तराखंड के इन जिलों में हो रहा ट्राउट मछली का पालन: वर्तमान समय में प्रदेश के तमाम जिलों यानी उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, पिथौरागढ़, टिहरी के साथ ही देहरादून जिले के पर्वतीय क्षेत्रों में मौजूद रेसवेज में ट्राउट फिश का उत्पादन किया जा रहा है. इसके साथ ही चंपावत, नैनीताल जिले समेत अन्य पर्वतीय क्षेत्रों में भी ट्राउट फिश उत्पादन शुरू करने की कवायद चल रही है.
उत्तराखंड की शुद्ध जल धाराओं में ट्राउट फिश का पालन किया जाता है. यही वजह है कि इस मछली का टेस्ट काफी बेहतर माना गया है. जिसको चलते इस ट्राउट फिश की डिमांड भी काफी ज्यादा रहती है. वर्तमान समय में प्रदेश में 1,625 रेसवेज में 710 मीट्रिक टन ट्राउट फिश का उत्पादन हो रहा है.
“पिछले महीने दुबई में गल्फूड का आयोजन किया गया था. जहां मत्स्य विभाग की ओर से उत्तराखंड ट्राउट फिश की प्रदर्शनी लगाई गई थी. वहां के लोगों ने उत्तराखंडी ट्राउट को काफी ज्यादा पसंद किया. लिहाजा, दुबई में ट्राउट फिश एक्सपोर्ट करने की कागजी कार्रवाई चल रही है.
ट्राउट फिश के एक्सपोर्ट से मत्स्य पलकों को काफी ज्यादा फायदा मिलेगा. साथ ही दुबई में एक्सपोर्ट की प्रक्रिया शुरू होने के बाद अन्य देशों में भी ट्राउट फिश के एक्सपोर्ट को लेकर पहल किया जाएगा.“- सौरभ बहुगुणा, मत्स्य पालन मंत्री, उत्तराखंड









