भाजपा प्रदेश सह-प्रभारी बांसुरी स्वराज ने हरिद्वार में संगठनात्मक बैठक में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने उत्तराखंड में तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने और बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने का आह्वान किया।
हरिद्वार। भाजपा की संगठनात्मक बैठक शुक्रवार को जगजीतपुर मारूति वाटिका स्थित जिला कार्यालय में हुई। मुख्य वक्ता के रूप में भाजपा प्रदेश सह-प्रभारी व नई दिल्ली से सांसद बांसुरी स्वराज में जोश भरा। उन्होंने कहा कि सौभाग्य है कि मुझे देवभूमि और वीरभूमि उत्तराखंड के सह-प्रभारी के रूप में काम करने का मौका मिला है।
मेरी माता सुषमा स्वराज भी उत्तराखंड की प्रभारी रही हैं, उनका इस प्रदेश से आत्मीय लगाव था। कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर उत्तराखंड में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाएंगे। बांसुरी स्वराज ने कहा कि कांग्रेस भ्रम फैला रही है, हमें अपने काम और संगठन की ताकत से उसका जवाब देना है।
भाजपा का कार्यकर्ता उसकी ताकत है। राज्य और केंद्र सरकार की उपलब्धियों को लेकर हम जनता के बीच जाएंगे। हरिद्वार गंगा की नगरी है और उत्तराखंड का द्वार है। इसलिए यहां पर सभी सीटें भाजपा की होनी चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि घर-घर और बूथ पर जाकर जनता को अपनी सरकार की उपलब्धि बतानी है।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने कहा कि हर बूथ पर भाजपा को मजबूत करना है। जिले का हर कार्यकर्ता एकजुट है और 2027 की तैयारी में जुट गया है। पार्टी का कार्यकर्ता अनुशासित और संगठित है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को जैन-जी और आम जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा डबल इंजन की सरकार ने उत्तराखंड में विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। चाहे हरिद्वार में मेडिकल कालेज हो, सड़कों का जाल हो या किसानों के लिए योजनाएं हों, हमारी सरकार ने जो कहा वो करके दिखाया है।
हमारी सरकार सिर्फ घोषणाएं नहीं करती, काम करती है। रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने कहा कि संगठन ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। जब संगठन मजबूत होगा तभी सरकार मजबूत होगी।
बैठक में दायित्वधारी डा. जयपाल चौहान, मेयर हरिद्वार किरण जैसल, पूर्व विधायक संजय गुप्ता, पूर्व महापौर मनोज गर्ग, जिला सह-प्रभारी दीपक धमीजा, प्रदेश मंत्री आदित्य चौहान, विकास तिवारी, सुशील चौहान, जिला महामंत्री संजीव चौधरी, हीरा सिंह बिष्ट, जिला उपाध्यक्ष लव शर्मा, निपेंद्र, चौधरी आशु, चौधरी तरुण नय्यर, सीमा चौहान, संदीप अग्रवाल, हरजीत सिंह, रेशु चौहान, रितु ठाकुर, धर्मेंद्र चौहान, नकली राम सैनी, अरविंद कुशवाहा, रजनी वर्मा, हरित सैनी, पारुल चौहान, चित्र कुमार सैनी आदि मौजूद रहे।



