
लोकभावन देहरादून में 27 फरवरी से 1 मार्च तक राज्य स्तरीय वसंतोत्सव आयोजित होगा। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने इसे उत्साहपूर्वक मनाने और व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
उत्सव में फ्लोरीकल्चर को बढ़ावा देने, मिलेट आधारित फूड कोर्ट, शहद व एरोमा उत्पादों को प्रोत्साहन मिलेगा। इस वर्ष से प्रगतिशील किसानों, महिला व युवा स्टार्टअप को ‘राज्यपाल विशेष पुरस्कार’ भी दिया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रम और पुष्प-प्रदर्शनी मुख्य आकर्षण होंगे।
देहरादून। लोक भवन (राजभवन) में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला राज्य स्तरीय वसंतोत्सव इस वर्ष 27 फरवरी से एक मार्च तक आयोजित किया जाएगा। आयोजन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने तैयारियों की समीक्षा करते हुए पूरे उमंग और उत्साह से उत्सव आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।
राज्यपाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वसंतोत्सव को केवल एक आयोजन न मानकर पूरे उत्साह और उत्सव के रूप में मनाया जाए तथा इसमें अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि वसंतोत्सव का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि यह आयोजन स्थानीय स्तर से आगे बढ़कर राष्ट्रीय पहचान बना सके।
इसके लिए अन्य राज्यों के अधिकारियों और प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित करने के निर्देश दिए गए। राज्यपाल ने बताया कि वसंतोत्सव के दौरान आइएचएम, जीएमवीएन और राज्य की महिला स्वयं सहायता समूहों के सहयोग से मिलेट आधारित फूड कोर्ट स्थापित किए जाएंगे।
इसके साथ ही शहद उत्पादन, एरोमा उत्पादों और मिलेट आधारित उत्पादों को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जाएगा। उन्होंने घोषणा की कि इस वर्ष से प्रगतिशील किसान, महिला एवं युवा स्टार्टअप को ‘राज्यपाल विशेष पुरस्कार’ से सम्मानित किया जाएगा।
वसंतोत्सव से फ्लोरीकल्चर को मिलेगा बढ़ावा
राज्यपाल ने कहा कि वसंतोत्सव उत्तराखंड में फ्लोरीकल्चर को बढ़ावा देने का सशक्त माध्यम है। पुष्प-प्रदर्शनी को व्यावसायिक गतिविधियों से जोड़ते हुए इसे रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ा जाना चाहिए।
अधिकारियों ने जानकारी दी कि पुष्प-प्रदर्शनी में 15 श्रेणियों में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें कुल 165 पुरस्कार दिए जाएंगे। वसंतोत्सव के दौरान सांस्कृतिक संध्या, बैंड प्रस्तुतियां, योग एवं मार्शल आर्ट प्रदर्शन, पेंटिंग प्रतियोगिता और लाइव डेमो जैसे विविध कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।









