
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल मंगलवार को देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेस का लोकार्पण कर जनता को समर्पित करेंगे। इससे पहले दून में सहारनपुर रोड पर पूरा ट्रैफिक रोककर फ्लिट निकाली गई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे को लेकर शहर में आज फुल रिहर्सल की गई। सहारनपुर रोड पर पूरा ट्रैफिक रोककर फ्लिट निकाली गई, जिससे मंडी चौक से गुजरते समय भीषण जाम लग गया। आईएसबीटी से सहारनपुर की ओर जाने वाले सभी मार्ग बंद कर दिए गए, वहीं फ्लाइओवर भी बंद रहे।
इस दौरान दोपहिया वाहनों के प्रवेश पर भी रोक लगाई गई। पुलिस के मुताबिक सुरक्षा व्यवस्था के तहत कुछ घंटों के लिए मार्ग बंद किए गए हैं। रिहर्सल के चलते एक दिन पहले ही फ्लिट निकालकर बैरिकेडिंग लगाई गई और प्रधानमंत्री के गुजरने वाले सभी मार्गों को पूरी तरह बंद कर दिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत के लिए उत्तराखंड तैयार है। पीएम बनने के बाद मोदी मंगलवार को 28वीं बार उत्तराखंड आएंगे। वह 11,963 करोड़ की लागत से बने 213 किमी लंबे दून-दिल्ली ऐलिवेटेड एक्सप्रेस-वे की सौगात देंगे। इसके अलावा एक हजार मेगावाट क्षमता के देश के पहले वेरिएबल स्पीड पंप स्टोरेज संयंत्र का भी लोकार्पण करेंगे।
प्रदेश सरकार लोकार्पण समारोह को यादगार बनाने की तैयारियों में जुटी है। बता दें कि मोदी, प्रधानमंत्री बनने के बाद पांच बार केदारनाथ आ चुके हैं, साथ ही बदरीनाथ व मुखबा का भी दौरा कर चुके हैं। बीते वर्ष मार्च में उत्तरकाशी जिले में मां गंगा के शीतकालीन प्रवास स्थल मुखबा पहुंचकर प्रधानमंत्री ने शीतकालीन यात्रा का संदेश दिया था।









