
हरिद्वार के एक होटल में पलवल की महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपी अंकित वर्मा और श्याम साहू को गिरफ्तार किया।
हरिद्वार। पलवल हरियाणा की एक महिला को होटल में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म की घटना सामने आने पर पुलिस हरकत में आ गई।
पुलिस ने दोनों आरोपितों के साथ-साथ बिना आइडी प्रूफ लिए होटल में कमरा देने वाले मैनेजर को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।
सिडकुल क्षेत्र की एक फैक्ट्री में काम करने वाले पलवल हरियाणा निवासी व्यक्ति ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि उसकी पत्नी को एक कार चालक बातों में उलझाकर सुकून गेस्ट हाउस शिवमूर्ति गली ले गया।
जहां आरोपित चालक व उसके एक अन्य साथी ने उसकी पत्नी के साथ दुष्कर्म किया। मामला महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म से जुड़ा होने के चलते वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
शहर कोतवाल रितेश शाह के नेतृत्व में एक पुलिस टीम ने आरोपितों की खोजबीन करते हुए उनकी पहचान अंकित वर्मा निवासी नहटौर जिला बिजनौर हाल निवासी श्री राम एन्कलेव सराय रोड ज्वालापुर और श्याम साहू निवासी शास्त्रीनगर कड़च्छ ज्वालापुर के रूप में की।
दबिश देते हुए दोनों आरोपितों को चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
पड़ताल में सामने आया कि होटल मैनेजर गोविंदा सिंह निवासी कस्बा कुंदरकी, मुरादाबाद ने बिना आइडी लिए कमरा दिया था। तब पुलिस ने आरोपित होटल मैनेजर को भी गिरफ्तार कर लिया।
आरोपितों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। पुलिस टीम में शहर कोतवाल रितेश शाह, एसएसआइ नन्द किशोर ग्वाड़ी, महिला उपनिरीक्षक निशा सिंह, मायापुर चौकी प्रभारी आशीष नेगी, कांस्टेबल अनिल, अर्जुन, रमेश, ममता, शोभा शामिल रहे।









