वीकेंड पर मसूरी में उमड़े पर्यटकों के हुजूम से शहर में पसरा कचरा, चरमराई कूड़ा निस्तारण व्यवस्था
मसूरी में पर्यटकों की बढ़ती भीड़ के कारण कचरा उत्पादन में भारी वृद्धि हुई है, जिससे देहरादून की कूड़ा निस्तारण व्यवस्था पर भी दबाव बढ़ गया है।
देहरादून। पहाड़ों की रानी मसूरी में पर्यटकों की बढ़ती भीड़ का असर अब केवल जाम तक सीमित नहीं है। पर्यटकों की संख्या बढ़ने के साथ मसूरी में कचरा उत्पादन तेजी से बढ़ा है और इसका दबाव देहरादून की कूड़ा निस्तारण व्यवस्था पर भी पड़ रहा है। पर्यटकों के हुजूम से दून और मसूरी में बीते एक सप्ताह में ही 30 प्रतिशत अतिरिक्त कूड़ा निकला है। जबकि, मसूरी से निकलने वाले कचरे का एक हिस्सा देहरादून स्थित कूड़ा निस्तारण व्यवस्था तक पहुंचता है। ऐसे में दून के शीशमबाड़ा कूड़ा प्रबंधन प्लांट पर भी भार बढ़ा है।
मसूरी नगर पालिका के आंकड़ों के अनुसार, बीते दो सप्ताह में 505 टन ठोस कचरा एकत्र किया गया। इस दौरान रोजाना औसतन करीब 35 टन कचरा निकला। नगर पालिका के अनुसार यह सामान्य दिनों की तुलना में करीब 20 से 30 प्रतिशत अधिक है।



