
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए अच्छी खबर है। सेवानिवृत्ति पर अब चार लाख रुपये तक एकमुश्त धनराशि मिलेगी। महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग ने प्रस्ताव तैयार किया है, जिससे 38 हजार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को लाभ मिलेगा।
प्रदेश में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सेवानिवृत्ति होने पर अब चार लाख 32 हजार रुपये तक एकमुश्त धनराशि मिलेगी। महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग ने इसका प्रस्ताव तैयार किया है। 38 हजार आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं को इसका लाभ मिलेगा।
महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग के निदेशक बीएल राणा के मुताबिक आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की ओर से आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कल्याण कोष योजना के तहत कार्यकर्ताओं की सेवानिवृत्ति एवं मृत्यु पर मिलने वाली एकमुश्त धनराशि में वृद्धि की मांग की जा रही थी।
महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या की अध्यक्षता में इस मसले पर दो बार बैठक हो चुकी है। जिस पर निर्णय लिया गया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को वित्तीय वर्ष 2026-27 से सेवानिवृत्ति एवं मृत्यु पर एकमुश्त मिलने वाली धनराशि 46540 के स्थान पर कम से कम एक लाख की जाएगी।
जबकि विभाग में 10 साल की सेवा कर चुके कार्यकर्ताओं को एक लाख 62 हजार रुपये एवं 30 साल की सेवा पर चार लाख 32 हजार रुपये की एकमुश्त धनराशि दिए जाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
इसके लिए आंगनबाड़ी कर्मचारी कल्याण कोष में वृद्धि के लिए राज्य सरकार से 25 करोड़ की मांग का प्रस्ताव है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से इसके लिए हर महीने सौ रुपये के स्थान पर तीन सौ रुपये का अंशदान लिया जाना प्रस्तावित है।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सेवानिवृत्ति पर सम्मानजनक एकमुश्त धनराशि मिले इसके लिए विभाग ने प्रस्ताव तैयार किया है। इसे शासन में भेजे जाने से पहले आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संगठन से सुझाव लिया जा रहा है।
संगठन के साथ एक बैठक के बाद इस पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। – बीएल राणा, निदेशक महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का अंशदान तीन सौ रुपये किए जाने से पहले कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ाया जाए। मानदेय बढ़ाए बिना संगठन को यह प्रस्ताव मंजूर नहीं है। -सुशीला खत्री, प्रांतीय अध्यक्ष राज्य आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ









