Department

Big Breaking:-उत्तराखंड में रोडवेज की बेमियादी हड़ताल: बातचीत नाकाम, आज से बसों का चक्का जाम

उत्तराखंड परिवहन निगम कर्मचारियों की वेतन और अन्य मांगों को लेकर हुई वार्ता विफल हो गई, जिसके बाद उन्होंने शुक्रवार सुबह से बेमियादी कार्यबहिष्कार का ऐलान किया है।

देहरादून। दीपावली के त्योहारी सीजन में उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों का संचालन चरमराने के आसार हैं। तीन माह के लंबित वेतन व विभिन्न मांगों को लेकर उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन व परिवहन निगम प्रबंधन के बीच गुरुवार को हुई वार्ता विफल हो गई।

निगम मुख्यालय में प्रबंध निदेशक रीना जोशी व तीनों महाप्रबंधकों की मौजूदगी में यूनियन पदाधिकारियों के साथ करीब साढ़े तीन घंटे चली बैठक में किसी भी प्रमुख मांग पर सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद यूनियन ने शुक्रवार सुबह छह बजे से प्रदेशभर में बेमियादी कार्यबहिष्कार का निर्णय लिया है। 

साधारण बसों का संचालन 60 प्रतिशत ठप

देहरादून : रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल से यात्री सुबह से परेशान हैं। लंबे रूट की अनुबंधित बसों को छोड़कर साधारण बसों का संचालन 60 प्रतिशत ठप है। लंबित मांगों पर कार्यवाही न होने से रोडवेज कर्मचारी हड़ताल पर हैं।

उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन के महामंत्री अशोक चौधरी ने बताया सरकार मांगों को गंभीरता से नहीं ले रही है। मुख्यालय स्तर पर यूनियन के पदाधिकारियों ने क्रमवार मांगों पर कार्यवाही को लेकर वार्ता की । लेकिन वार्ता विफल हो गयी। जिसके बाद अनिश्चितकालीन हड़ताल का निर्णय लिया गया। रोडवेज की स्थिति खराब होती जा रही है। कर्मचारियों को आर्थिक संकट से जूझना पड़ रहा है।

आइएसबीटी ऋषिकेश में कार्य बहिष्कार

ऋषिकेश: आइएसबीटी ऋषिकेश स्थित ऋषिकेश डिपो कार्यालय परिसर में उत्तरांचल रोडवेज इंप्लाइज यूनियन की ओर से कार्य बहिष्कार कर धरना दिया जा रहा है। कर्मियों के कार्य बहिष्कार के चलते ऋषिकेश डिपो से संचालित करीब बसों को सेवाएं प्रभावित होती नजर आ रही हैं।

संगठन शाखा मंत्री संदीप कश्यप ने कहा कि ऋषिकेश डिपो में करीब 300 कर्मी कार्यरत हैं जिनमें से करीब 50 प्रतिशत कर्मी संगठन से जुड़े हैं। कहा कि इनमें अधिकांश चालक हैं। ऋषिकेश में निगम प्रबंधन ने वैकल्पिक व्यवस्था के तहत अन्य चालकों को फेरे बढ़ाने को कहा है, लेकिन इसके बावजूद करीब 40 प्रतिशत सेवा प्रभावित हो रही है।

रोडवेज कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू, बसों के पहिए थमे

रुद्रपुर: तीन माह से वेतन नहीं मिलने और लंबित मांगों पर सुनवाई नहीं होने से रोडवेज कर्मचारियों का आक्रोश बढ़ गया है। शुक्रवार से उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन और एससी-एसटी श्रमिक संगठन ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी। कर्मचारी धरने पर बैठ गए और विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर मांगों के निस्तारण की आवाज बुलंद की। हड़ताल के चलते बसों का संचालन प्रभावित होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

हड़ताल को उत्तराखंड रोडवेज कर्मचारी यूनियन का भी समर्थन मिला है। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में नियमितीकरण, ठेका प्रथा समाप्त करना, बसों के लिए पर्याप्त स्पेयर पार्ट्स उपलब्ध कराना और बेड़े में नई बसें शामिल करना शामिल है। इसके अलावा सेवानिवृत्त कर्मचारियों को ग्रेच्युटी का भुगतान करने की मांग भी उठाई गई।

कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें राज्य सरकार के कर्मचारियों की तर्ज पर महंगाई भत्ता और उसका एरियर भी दिया जाए। तीन माह से वेतन नहीं मिलने के कारण परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है। लंबे समय से मांगें उठाने के बावजूद समाधान नहीं होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल का निर्णय लिया गया है। कर्मचारियों ने मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी है।

यूनियन ने लिया आंदोलन जारी रखने का फैसला

गुरुवार को सुबह साढ़े 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक चली बैठक में कर्मचारियों ने लंबित वेतन और महंगाई भत्ते के भुगतान, दीपावली पर बोनस, बस बेड़े में वृद्धि, डग्गामारी पर रोक और अवैध निजी बसों के परमिट जारी करने पर रोक लगाने समेत विभिन्न मांगें उठाईं। प्रबंधन के साथ सहमति नहीं बनने पर यूनियन ने आंदोलन जारी रखने का फैसला लिया।

यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष कमल पपनै, महामंत्री अशोक चौधरी, केपी सिंह, परमजीत सिंह और संचित कुमार वार्ता में शामिल रहे। आंदोलन के तहत देहरादून, नैनीताल और टनकपुर मंडल के सभी डिपो में कर्मचारी कार्यबहिष्कार करेंगे। इंप्लाइज यूनियन के भी हड़ताल को समर्थन देने से प्रदेश में करीब 75 से 80 प्रतिशत बस संचालन ठप रह सकता है। सर्वाधिक असर लंबी दूरी व मैदानी मार्गों की बसों पर पड़ेगा।

Ad Ad
"उत्तराखण्ड आई" उत्तराखण्ड तथा देश-विदेश की ताज़ा ख़बरों व समाचारों का एक डिजिटल माध्यम है। अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को हम तक पहुंचानें हेतु संपर्क करें। धन्यवाद! Email: [email protected]

GET IN TOUCH

संपादक: शाहबाज हुसैन
पता: किशनपुर, देहरादून, उत्तराखण्ड
दूरभाष: +91 70171 42309
ई-मेल: [email protected]

To Top