
सीओ अमित कुमार सैनी ने हल्द्वानी कोतवाली का निरीक्षण किया, जिसमें कई खामियां सामने आईं। पुलिस को हिस्ट्रीशीटरों की गतिविधियों की जानकारी नहीं थी, और कई सरकारी राइफलें मिट्टी के कारण जाम मिलीं।
मालखाने में पुराने सामान का निस्तारण नहीं हुआ था, और बैरकों व हवालात की स्थिति भी खराब थी। सीओ ने नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।
हल्द्वानी। कोतवाली पुलिस को यह नहीं पता कि उसके क्षेत्र से जुड़े हिस्ट्रीशीटर में इन दिनों क्या कर रहे हैं? इन्होंने अपराध की दुनिया छोड़ी या नहीं। वर्तमान में जीवन यापन के लिए कौन सा काम-धंधा कर रहे हैं।
इसके अलावा सीओ ने छमाही निरीक्षण के दौरान जब जवानों से सरकारी राइफल खोलकर चेक करवाने को कहा तो पता चला कि कई असलहे मिट्टी के कारण जाम पड़े हैं। यानी समय से साफ-सफाई भी नहीं हो रही। इसके बाद सीओ ने भी नाराजगी जताते हुए जल्द व्यवस्था सुधारने के निर्देश जारी कर दिए।
पुलिस विभाग में छमाही और वार्षिक निरीक्षण के दौरान अफसर संबंधित थाने में व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ ही तैनात पुलिसकर्मियों की ड्यूटी को लेकर गंभीरता की समीक्षा भी करते हैं। शनिवार को सीओ अमित कुमार सैनी हल्द्वानी कोतवाली पहुंचे थे। जहां निरीक्षण के दौरान कुछ खामियां भी नजर आई।
मालखाने का हाल देखने पर पता चला कि कई सामग्री का सालों से निस्तारण नहीं होने के कारण गंदगी जमी थी। बैरकों व हवालात की स्थिति सुधारने की भी जरूरत थी। वहीं, सीसीटीएनएस व अन्य आनलाइन पोर्टल की ड्यूटी से जुड़े कार्मिकों को और बेहतर तरीके से काम करने को कहा गया। वहीं, सीज वाहन भी बेतरतीब तरीके से खड़े पाए गए।
वहीं, सीओ सैनी ने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि फरियादिओ की समस्या को गंभीरता से सुनकर जल्द से जल्द उनका समाधान किया जाए। इस दौरान कोतवाल विजय सिंह मेहता, एसएसआइ रोहताश सागर आदि मौजूद थे।









