Big Breaking:-अर्बन कोऑपरेटिव बैंक घोटाले में जांच तेज; एसआईटी ने दर्ज किए बयान, दर्ज होगी प्राथमिकी

खाताधारकों ने आरोप लगाया कि बैंक के चेयरमैन और बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने नियमों को दरकिनार कर अपने रिश्तेदारों और परिचितों को मोटे वेतन पर नियुक्त किया।

अर्बन कोऑपरेटिव बैंक में घोटाले के आरोपों की जांच के लिए गठित एसआईटी ने सोमवार को जांच तेज करते हुए खाताधारकों के बयान दर्ज किए। एसएसपी के निर्देश पर एसआईटी सदस्य राजेश शाह और अरविंद पायल ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित खाताधारकों से जानकारी ली। करीब 45 लोगों के बयान दर्ज किए गए। जांच पूरी होने के बाद जल्द प्राथमिकी दर्ज हो सकती है।

खाताधारकों ने आरोप लगाया कि बैंक के चेयरमैन और बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने नियमों को दरकिनार कर अपने रिश्तेदारों और परिचितों को मोटे वेतन पर नियुक्त किया। साथ ही बोर्ड का गठन भी कथित रूप से रिश्तेदारी और निजी संबंधों के आधार पर किया गया।

आरोप है कि पूर्व में दिए गए लोन, विशेषकर भारी मशीनरी से जुड़े ऋणों की वसूली में गंभीर अनियमितताएं बरती गईं। बिना शैक्षिक योग्यता के लोगों को उच्च वेतन पर नियुक्त करने और रिजर्व बैंक की चेतावनियों को नजरअंदाज करने के भी आरोप लगाए गए हैं।

खाताधारकों का कहना है कि इन अनियमितताओं के चलते करीब 9000 लोगों की जीवनभर की जमा पूंजी खतरे में पड़ गई है। उन्होंने सरकार और पुलिस से मामले में सख्त कार्रवाई करते हुए जिम्मेदार लोगों को गिरफ्तार करने की मांग की है।

साथ ही खाताधारकों ने रिजर्व बैंक से अपील की है कि उनकी जमा राशि जल्द से जल्द वापस दिलाई जाए ताकि उनका जीवन फिर से सामान्य हो। उधर, एसआईटी मामले में जांच पूरी होने के बाद जल्द ही प्राथमिकी दर्ज करवाने की तैयारी में है।

Ad Ad

सम्बंधित खबरें