उत्तराखण्ड

Big Breaking:-अंकिता भंडारी की मौत के पीछे छिपी कोई और कहानी? विनोद आर्य के नए दावों से गरमाया

अंकिता भंडारी हत्याकांड में विनोद आर्य के नए दावों से मामला फिर गरमा गया है। उन्होंने चैट सार्वजनिक कर सीबीआई जांच की मांग उठाई है।

उत्तराखंड में अंकिता भंडारी हत्याकांड एक बार फिर सुर्खियों में है। मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य ने प्रेस से मुखातिब होते हुए अंकिता और उसके बायफ्रेंड पुष्प के बीच हुई बातचीत के कुछ अंश सार्वजनिक कर नए सवाल खड़े कर दिए हैं।

उन्होंने दावा किया कि इन चैट के जरिए अंकिता के जीवन से जुड़े कई ऐसे पहलू सामने आ सकते हैं, जिनकी अब तक पड़ताल नहीं हुई। साथ ही उन्होंने अंकिता के माता-पिता और पुष्प पर उसे प्रताड़ित करने के आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की है।

अंकिता और पुष्प की चैट दिखाकर बोले- निष्पक्ष जांच हो

अधिवक्ता अनुज पुंडीर के साथ मीडिया के सामने पहुंचे विनोद आर्य ने कहा कि अंकिता और पुष्प के बीच हुई बातचीत को गंभीरता से लेते हुए उसकी निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए। उन्होंने केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से मांग की कि केवल सार्वजनिक किए गए चैट अंशों तक सीमित न रहकर पूरी बातचीत की सत्यता और उसके संदर्भों की जांच की जाए, ताकि वास्तविक परिस्थितियां सामने आ सकें।

जनदबाव के चलते हत्या का मामला बनाया गया

विनोद आर्य ने दावा किया कि जनदबाव के चलते अंकिता की मौत को हत्या का मामला बनाया गया और उनके बेटे पुलकित आर्य और उसके साथियों को गलत तरीके से फंसाया गया। उन्होंने मामले में किसी वीआईपी की मिलीभगत से इनकार करते हुए कहा कि बार-बार वीआईपी का मुद्दा उछालकर इस मामले को उलझाया जा रहा है। उनका कहना था कि अंकिता और पुष्प के बीच हुई बातचीत की निष्पक्ष जांच से कई अहम तथ्य सामने आ सकते हैं।

और क्या-क्या बोले विनोद आर्य?

उन्होंने मामले के दौरान हुए घटनाक्रम पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि जनाक्रोश के चलते उनके पक्ष को अपनी बात रखने का पर्याप्त मौका नहीं दिया गया। पुलिस कस्टडी में अभियुक्तों पर हमला करने वालों के खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया गया। इसके अलावा उन्होंने रिसॉर्ट को दो बार जलाए जाने से करीब 50 करोड़ रुपये का नुकसान होने का दावा भी किया।

चैट के अंशों की प्रामाणिकता और आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं

विनोद आर्य ने कहा कि मामला फिलहाल उच्च न्यायालय में विचाराधीन है, इसलिए सीबीआई को चैट सहित सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच करनी चाहिए। हालांकि, अंकिता के माता-पिता और पुष्प पर लगाए गए उनके आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। सार्वजनिक किए गए चैट अंशों की प्रामाणिकता और उनका पूरा संदर्भ भी जांच का विषय है।

Ad Ad
"उत्तराखण्ड आई" उत्तराखण्ड तथा देश-विदेश की ताज़ा ख़बरों व समाचारों का एक डिजिटल माध्यम है। अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को हम तक पहुंचानें हेतु संपर्क करें। धन्यवाद! Email: [email protected]

GET IN TOUCH

संपादक: शाहबाज हुसैन
पता: किशनपुर, देहरादून, उत्तराखण्ड
दूरभाष: +91 70171 42309
ई-मेल: [email protected]

To Top