
कोटद्वार में दुकान के नाम बदलने को लेकर बढ़ा तनाव अब कम हो रहा है। प्रशासन और गणमान्य व्यक्ति शांति बनाए रखने की अपील कर रहे हैं। इस मामले की जांच के लिए पौड़ी के पुलिस क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में पांच सदस्यीय एसआईटी का गठन किया गया है। भड़काऊ बयानबाजी के लिए यति परमानंद सरस्वती को गिरफ्तार किया गया, जबकि भीम आर्मी ने दीपक कुमार को समर्थन दिया।
कोटद्वार में दुकान का नाम बदलने को लेकर बढ़ा तनाव अब धीरे-धीरे कम होने लगा है। प्रशासन के साथ ही क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति व अन्य लोग भी शांति बनाए रखने की अपील कर रहे हैं। उधर, पूरे मामले की जांच के लिए पौड़ी के पुलिस क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में पांच सदस्यीय एसआइटी का गठन कर दिया है।
बताते चलें कि 26 जनवरी को पटेल मार्ग में दुकान का नाम बदलने को लेकर विवाद हो गया था। जिसके बाद 31 जनवरी को देहरादून व हरिद्वार से पहुंचे विश्व हिंदू परिषद व बजरंगदल के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने मामले से जुड़े दीपक कुमार के जिम के समीप पहुंच कर हंगामा किया।
मौके पर तैनात पुलिस कर्मियों ने किसी तरह मामले को शांति किया। इसके बाद उत्तर प्रदेश सहित अन्य मैदानी क्षेत्रों से दीपक कुमार के समर्थन में उनसे मिलने के लिए विभिन्न संगठनों के लोग पहुंच रहे थे। संगठन से जुड़े लोग इंटरनेट मीडिया पर भी मामले को तूल देने का प्रयास कर रहे थे, जिससे शहर में तनाव की स्थिति पैदा हो गई थी।
कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कौड़िया चेक पोस्ट के साथ ही उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड की सीमाओं पर पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई। अब तनाव कम होने लगा है।
पुलिस ने आमलोगों व संगठनों से जुड़े लोगों से शांति व्यवस्था बनाने में सहयोग की अपील की। जिसके बाद विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने इंटरनेट मीडिया पर शांति बहाली का संदेश जारी किया। इसके बाद अब धीरे-धीरे स्थिति में सुधार होने लगा है।
एसएसपी ने गठित की एसआइटी
दुकान के नाम को लेकर शुरू हुए विवाद के बाद से उपजे तनाव की जांच अब पांच-सदस्यीय एसआइटी करेगी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने मामले की जांच के लिए पुलिस क्षेत्राधिकारी तुषार बोरा के नेतृत्व में एसआइटी का गठन किया है। टीम में वरिष्ठ पुलिस उपनिरीक्षक अनिल चौहान, उपनिरीक्षक विनोद कुमार, कमलेश शर्मा व दिनेश चमोली को शामिल किया है।
यति परमानंद सरस्वती हुए गिरफ्तार
इंटरनेट पर भड़काऊ बयानबाजी को लेकर बीती रात पुलिस ने यति परमानंद सरस्वती उर्फ दीपक बजरंगी को गिरफ्तार कर दिया। किया है। गुरुवार को उन्होंने समुदाय विशेष को लेकर बयान जारी किया था। इंटरनेट मीडिया पर उनकी वीडियो प्रसारित होने के बाद पुलिस ने वीडियो को हटवाने के साथ ही यति परमानंद सरस्वती को गिरफ्तार किया।
चंद्रशेखर ने दीपक से की बात
सांसद व भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर भले ही गुरुवार को कोटद्वार नहीं पहुंचे, लेकिन शुक्रवार को भीम आर्मी के प्रदेश अध्यक्ष महक सिंह सहित अन्य पदाधिकारी कोटद्वार आए और दीपक कुमार से वार्ता की।
इस दौरान महक सिंह ने दीपक का माल्यार्पण किया। साथ ही उनकी बात सांसद चंद्रशेखर से भी करवाई। वार्ता के दौरान चंद्रशेखर ने दीपक को पूरी मदद का आश्वासन दिया।
उन्होंने महक सिंह को भी दीपक के साथ खड़े रहने के निर्देश दिए। कहा कि वह जल्द ही दीपक को सम्मानित भी करेंगे। इस मौके पर कुमाऊं मंडल अध्यक्ष अमित कुमार, पिथौरागढ़ के जिलाध्यक्ष अनिल कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष गोविंद बौद्ध, प्रदेश महासचिव तेज प्रताप सिंह, हरिद्वार जिला महासचिव फिरोज अहमद सहित अन्य मौजूद रहे।









