
बागेश्वर के कपकोट थाना क्षेत्र में खर्ककानातोली जंगल में 70 वर्षीय शेर सिंह का नर कंकाल मिला है। शेर सिंह पिछले एक साल से लापता थे।
बागेश्वर । कपकोट थाना क्षेत्र के खर्ककानातोली के जंगल में एक बुजुर्ग का नर कंकाल मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार गुरुवार शाम कुछ लोग जंगल में लकड़ी बीनने गए थे। इस दौरान उन्हें एक नर कंकाल दिखाई दिया। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना पर एसआई संजय धौनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और कंकाल को कब्जे में लिया। कपड़ों के आधार पर कंकाल की पहचान खर्ककानातोली (बैसानी) निवासी 70 वर्षीय शेर सिंह पुत्र दान सिंह के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि शेर सिंह पिछले एक वर्ष से लापता थे।
उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट उनके चचेरे भाई ने दर्ज कराई गई थी, लेकिन अब तक उनका कोई सुराग नहीं लग पाया था। अचानक जंगल में कंकाल मिलने की घटना से क्षेत्र के लोग भी सकते में हैं।
थानाध्यक्ष प्रताप नगरकोटी ने बताया कि फिलहाल इस मामले में कोई नई प्राथमिकी प्राप्त नहीं हुई है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारणों का पत चल सकेगा।









