देवीधुरा में 9.80 करोड़ से बनेगी मल्टी लेवल पार्किंग, 83 कारें खड़ी करने की होगी व्यवस्था; परियोजना को मिली मंजूरी :
चंपावत के प्रसिद्ध देवीधुरा में बग्वाल मेले और श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ के कारण पार्किंग समस्या के समाधान के लिए मल्टी-लेवल पार्किंग बनेगी। 9.80 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस पार्किंग में 83 कारें खड़ी हो सकेंगी।
चंपावत के प्रसिद्ध देवीधुरा में बग्वाल मेले और वर्षभर उमड़ने वाले श्रद्धालुओं-पर्यटकों के कारण सड़क पर बढ़ने वाले वाहनों के दबाव से अब राहत मिलने की उम्मीद जगी है। लंबे समय से चली आ रही पार्किंग समस्या के समाधान के लिए ग्राम देचमार, तहसील पाटी में मल्टी लेवल पार्किंग का निर्माण कराया जाएगा।
विभागीय व्यय समिति ने 9.80 करोड़ रुपये की परियोजना लागत पर सैद्धांतिक सहमति दे दी है। अब प्रस्ताव वित्त विभाग को भेजा जाएगा। पार्किंग में 83 कारें खड़ी करने की व्यवस्था होगी। इसके साथ पर्याप्त शौचालय और केयरटेकर रूम भी बनाया जाएगा।
परियोजना में किया गया बदलाव
सचिवालय में मंगलवार को सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति विभाग डा आर राजेश कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में परियोजना के तकनीकी, वित्तीय और भूमि संबंधी पहलुओं की समीक्षा की गई। क्षेत्र की वास्तविक आवश्यकता को देखते हुए परियोजना में बदलाव भी किया गया।
बैठक में दोपहिया वाहनों की पार्किंग, दुकानों और कैफे का प्रस्ताव हटाकर मुख्य रूप से कार पार्किंग पर ध्यान केंद्रित करने के निर्देश दिए गए। परियोजना का प्रारंभिक आगणन 9.94 करोड़ रुपये था।
पांच करोड़ रुपये से अधिक की लागत होने के कारण नियोजन विभाग के तकनीकी संप्रेक्षा प्रकोष्ठ (टीएसी) से इसका परीक्षण कराया गया। जांच के बाद 9.80 करोड़ रुपये की लागत को औचित्यपूर्ण माना गया। इसी लागत पर विभागीय व्यय समिति ने सैद्धांतिक सहमति दी है।