Big Breaking:-देहरादून में नगर परिक्रमा आज, चौक चौराहों पर पुष्पवर्षा कर होगा स्वागत

देहरादून के ऐतिहासिक झंडेजी मेले के दूसरे दिन श्री गुरु राम राय दरबार साहिब में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। संगत ने श्रीमहंत देवेन्द्र दास महाराज से आशीर्वाद लिया और झंडेजी की परिक्रमा की।

देहरादून। दून का ऐतिहासिक झंडेजी के आरोहण के दूसरे दिन सुबह से लेकर देर शाम तक श्री गुरु राम राय दरबार साहिब में माथा टेकने को भीड़ उमड़ी रही। पूरा परिसर गुरु महाराज के जयकारों से गुंजायमान रहा।

परंपरानुसार मेले के तीसरे दिन आज दरबार साहिब के सज्जादानशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास महाराज की अगुआई में नगर परिक्रमा होगी। विभिन्न जगहों पर श्रद्धालु पुष्पवर्षा कर स्वागत करेंगे।

सोमवार सुबह से ही विभिन्न जगहों पर ठहरी संगत का दरबार साहिब में पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। दरबार साहिब के सज्जादानशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास महाराज के दर्शन और आशीर्वाद के लिए संगतें कतारों में खड़ी रहीं। श्रीमहंत ने संगतों को आशीर्वाद दिया। इसके बाद संगत ने झंडेजी की परिक्रमा कर मन्नत मांगी। साथ ही परिसर में दीये भी जलाए।

इस बार दरबार साहिब परिसर में छोटे लंगर के साथ फल के स्टाल लगाए थे, जिन्हेंं श्रद्धालुओं में बांटा गया। दरबार साहिब परिसर में श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल एवं श्री महाकाल सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में 200 यूनिट रक्तदान हुआ।

गुरु बिन घोर अंधेरा, गुरु से ही उजियारा….
देहरादून: दिनभर दरबार साहिब परिसर में गुरु महिमा व गुरु के भजनों की धूम रही। भक्ति और श्रद्धा से सराबोर वातावरण में संगतों ने गुरु महिमा का गुणगान किया और पूरा परिसर भक्ति रस में डूबा नजर आया।

गुरु बिन घोर अंधेरा, गुरु से ही उजियारा, सतगुरु तेरी महिमा अपरम्पार, मेरे सतगुरु दाता मेहर कर दाता जैसे भजनों के साथ-साथ श्री गुरु राम राय महाराज की महिमा का बखान करते अनेक भजन गूंजते रहे।

साढ़े चार घंटे की नगर परिक्रमा दोपहर 12 बजे तक होगी


दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज श्री झंडा महोत्सव के मेला अधिकारी विजय गुलाटी ने बताया कि दरबार साहिब के सज्जादानशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास महाराज के अगुआई में आज सुबह साढ़े सात बजे दरबार साहिब परिसर से नगर परिक्रमा शुरू होगी। सहारनपुर चौक, कांवली रोड, से एसजीआरआर पब्लिक स्कूल बिंदाल पहुंचेगी।

यहां पर संगत को चने व मुरमुरे का प्रसाद वितरित किया जाएगा। तिलक रोड, टैगोर विला, घंटाघर से पलटन बाजार होते हुए लक्खीबाग पुलिस चौकी से रीठा मंडी, एसजीआरआर पब्लिक स्कूल बाम्बे बाग पहुंचेगी। यहां पर गन्ने का प्रसाद वितरण होने के बाद ब्रह्मलीन श्रीमहंत साहिबान के समाधि स्थल पर माथा टेकने के बाद दोपहर 12 बजे वापस दरबार साहिब पर विराम लेगी।

भक्ति, सेवा और सत्कर्म ही मानव जीवन की सबसे बड़ी पूंजी: श्रीमहंत
दरबार साहिब के सज्जादानशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास महाराज ने संगत को गुरु भक्ति का महत्व बताया। कहा कि गुरु की शरण में आकर ही मनुष्य को सच्चे मार्ग का ज्ञान प्राप्त होता है। गुरु की वाणी अमृत के समान है, जो मानव जीवन को पवित्र और सफल बनाती है। उन्होंने कहा कि भक्ति, सेवा और सत्कर्म ही मानव जीवन की सबसे बड़ी पूंजी हैं।

जो व्यक्ति सच्चे मन से गुरु का स्मरण करता है, उस पर सद्गुरु की असीम कृपा बरसती है और उसका जीवन सुख-शांति व आध्यात्मिक आनंद से भर जाता है। श्रीमहंत ने संगतों को गुरु भक्ति, प्रेम, सेवा और सदाचार के मार्ग पर चलने का संदेश देते हुए कहा कि गुरु की कृपा से ही मनुष्य जन्म-मृत्यु के बंधन से मुक्त होकर मोक्ष की प्राप्ति कर सकता है।

Ad Ad

सम्बंधित खबरें