Big Breaking:-बर्थडे पार्टी विवाद में आया नया मोड़, युवती ने वीडियो जारी कर बताया- कैसे हुआ था हमला

देहरादून के चंद्रबनी स्थित कैफे में माही पर हुए हमले में नया मोड़ आया है। युवती ने वीडियो जारी कर बताया कि उसे चापड़ से नहीं, बल्कि करछी से मारा गया था। वह दोस्तों के साथ जन्मदिन मनाने गई थी,

जहां शराब पीकर झगड़ रहे युवकों ने हमला किया। पुलिस के अनुसार, मेडिकल रिपोर्ट में धारदार हथियार से चोट नहीं पाई गई और युवती नशे में थी। आयुष रावत व अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है।

देहरादून। चंद्रबनी स्थित कैफे में कथित कांग्रेस नेता माही पर हुए हमले में नया मोड़ आ गया है। युवती ने खुद एक वीडियो प्रसारित किया है कि उस पर चापड़ से हमला नहीं हुआ था।

वह अपने दोस्तों के साथ जन्मदिन मनाने के लिए चंद्रबनी चौक स्थित ग्रीयू कैफे में गई थी। वहां पर कुछ युवक शराब पीकर आपस में झगड़ा कर रहे थे।

इसी विवाद में आरोपित आयुष रावत व उसके साथियों ने उसके सिर पर करछी से वार कर दिया, जिसके चलते उसके सिर से खून बहने लगा। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसके सिर पर छह-सात टांके आए।

दूसरी ओर, पटेलनगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान अधिकारी ने बताया कि चार फरवरी की रात कैफे में दो पक्षों में झगड़ा हुआ था।

सूचना पर आइएसबीटी से पुलिस टीम मौके पर भेजी गई। पूछताछ करने पर पता चला कि माही निवासी गांधीग्राम व उसके साथी बर्थडे पार्टी मनाने के लिए कैफे में गए थे, जोकि नशे की हालत में थे।

यहां दूसरे पक्ष आयुष रावत से उसकी किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। कैफे के बाहर रोड पर दोनों पक्षों में आपस में मारपीट हुई। घटना में माही के सिर पर चोट आई थी, जिसका मेडिकल दून अस्पताल में कराया गया तो चिकित्सकों ने किसी वस्तु से सिर पर चोट लगना बताया गया।

उन्होंने बताया कि युवती की मेडिकल रिपोर्ट में किसी धारदार हथियार से चोट लगना प्रकाश में नहीं आया, साथ ही मेडिकल में चिकित्सक ने माही द्वारा शराब का सेवन करना भी अंकित किया गया।

घटना के संबंध में युवती के भाई की ओर से दिए प्रार्थनापत्र के आधार पर कोतवाली पटेलनगर में आयुष रावत व अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपितों की तलाश में पुलिस उनके घरों व अन्य संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस की ओर से बताया गया कि इंटरनेट मीडिया पर कुछ लोगों की ओर से युवती पर चापड़ से हमला करने की खबर को दुष्प्रचारित किया जा रहा है, जबकि युवती की मेडिकल रिपोर्ट इस बात की पुष्टि नहीं करती।

दूसरी ओर, कांग्रेस ने युवती के कांग्रेस में होने की बात से इन्कार किया है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुमित्र भुल्लर ने कहा कि माही कांग्रेस की नेता नहीं हैं।

Ad Ad

सम्बंधित खबरें