मौसम विभाग की चेतावनी के बाद उत्तराखंड के नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर और चमोली जिलों में अगले 24 घंटे के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
देहरादून। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर और चमोली में अगले 24 घंटे के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने संबंधित जिलों के अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने और आपदा प्रबंधन की व्यवस्थाएं सक्रिय रखने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और आपदा प्रबंधन मंत्री मदन कौशिक ने भी आमजन की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। चारधाम यात्रा मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतने, खराब मौसम में यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोकने तथा उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पर्यटकों की आवाजाही पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
भूस्खलन और सड़कें बाधित होने की आशंका को देखते हुए संबंधित विभागों को मशीनरी तैयार रखने तथा राहत-बचाव दलों को अलर्ट रहने को कहा गया है। आमजन से खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है।
आपात स्थिति में टोल फ्री नंबर 1070 पर सूचना दी जा सकती है। बताया कि इन जिलों में आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की आशंका है। पिथौरागढ़, बागेश्वर, नैनीताल और चंपावत में कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना भी है।



