
औली में पहाड़ी शैली का हाट बाजार बनेगा, जिसमें सभी सामान उपलब्ध होगा। पर्यटकों की सुविधा के लिए पर्यटन विभाग ने बाजार बनाने की योजना बनाई है।
औली में पर्यटकों की सुविधा के लिए पर्यटन विभाग पहाड़ी शैली का हाट बाजार बनाने की योजना बना रहा है। ऐसा बाजार जहां मेडिकल सुविधा, स्थानीय उत्पाद के साथ अन्य तरह की सामग्री आसानी से उपलब्ध हो सके।पर्यटन स्थली औली में हर साल लाखों की संख्या में पर्यटक आते हैं।
यहां होटल और खाने की दुकानें तो हैं लेकिन कोई ऐसा बाजार नहीं है जहां पर्यटक अपनी जरूरत के अनुसार कुछ सामग्री खरीद सकें। यहां तक की अगर दवा की भी जरूरत होगी तो उसे 13 किमी दूर ज्योतिर्मठ जाना पड़ेगा। पर्यटन विभाग ने अब यहां पर एक बाजार तैयार करने की योजना बनाई है।
लोगों को रोजगार भी उपलब्ध हो सकेगा
यहां पर विभाग दुकानें बनाकर देगा। इन दुकानों में सिर्फ खाने-पीने की ही व्यवस्था नहीं होगी बल्कि मेडिकल स्टोर, स्थानीय उत्पाद सहित अन्य सामग्री की दुकानें होंगी। बाजार होने पर पर्यटकों को स्थानीय व्यंजन मिल सकेंगे।
यदि वे स्थानीय उत्पाद खरीदना चाहते हैं, कोई अन्य तरह की खरीदारी करना चाहते हैं तो वह औली में ही उपलब्ध हो सकेंगे। पर्यटन विभाग की इस पहल से स्थानीय स्तर पर लोगों को रोजगार भी उपलब्ध हो सकेगा।
औली में जीएमवीएन गेस्ट हाउस के पास बाजार बनाने की योजना पर काम चल रहा है। इस बाजार में खाने की दुकानों के साथ ही स्थानीय उत्पाद व अन्य तरह की दुकानें भी होंगी। इसका खाका तैयार कर शासन को भेजा गया है। शासन से स्वीकृति के बाद इसकी डीपीआर तैयार कर भेजी जाएगी। – अरविंद गौड़, जिला पर्यटन अधिकारी, चमोली।









