
चमोली कोतवाली के अंतर्गत भू लगा खैनुरी गांव के बराली तोक के जंगल में पुलिस ने एक नवजात का शव बरामद किया है। शव को जंगली जानवरों ने कुछ जगहों पर नोंच दिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
चमोली कोतवाली के थानाध्यक्ष अनुरोध व्यास ने बताया कि शनिवार को चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (सीडब्ल्यूसी) की ओर से अपराह्न करीब सवा दो बजे कोतवाली पुलिस को जंगल में नवजात का शव पड़ा होने की सूचना दी गई। जिस पर पुलिस टीम क्षेत्र की आशा कार्यकर्ता के साथ मौके पर पहुंची।
आशा कार्यकर्ता ने बताया कि शव करीब सवा आठ माह का है। उन्होंने बताया कि शव को सिर की तरफ से जंगली जानवरों ने नोंच दिया है। शव का पोस्टमार्टम कर डीएनए सुरक्षित रखा जाएगा।
पुलिस द्वारा भू लगा खैनुरी गांव में गर्भवती महिलाओं की जानकारी भी ली गई। थानाध्यक्ष ने बताया कि रविवार को भी पुलिस टीम गांव में पूछताछ के लिए जाएगी।









