Big Breaking:-मोहम्मद बनते ही दीपक को राहुल गांधी ने लगाया गले’, CM धामी बोले- उत्तराखंड में नहीं गलेगी कांग्रेस की दाल

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नयार घाटी एडवेंचर फेस्टिवल में राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल ने दीपक कुमार को ‘मोहम्मद दीपक’ बनने पर गले लगाया, जबकि उत्तराखंड राष्ट्रवादी है।

सतपुली (पौड़ी)। बिलखेत (सतपुली) में आयोजित तीन दिवसीय नयार घाटी एडवेंचर फेस्टिवल के उद्घाटन के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को आड़े हाथों लिया।

कहा कि जैसे ही दीपक कुमार ने स्वयं का नाम मोहम्मद दीपक बताया, कांग्रेस के युवराज ने उन्हें गले से लगा दिया। कहा कि उत्तराखंड की जनता राष्ट्रवादी है और युवराज की इस मानसिकता को कभी स्वीकार नहीं करेगी।

कोटद्वार में दुकान का नाम बदलने को लेकर हुए विवाद के दौरान कोटद्वार में जिम संचालक दीपक कुमार ने स्वयं का नाम मोहम्मद दीपक बताया था। इंटरनेट मीडिया में यह वीडियो प्रसारित होने के बाद नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अपने एक्स हैंडल पर दीपक को इंसानियत की मिसाल बताया।

इसके बाद राहुल गांधी के न्योते पर दीपक दिल्ली पहुंचे और 23 फरवरी को राहुल गांधी से मुलाकात की। साथ ही कोटद्वार आकर जिम की सदस्यता लेने की बात भी कही।

गुरुवार को नयार घाटी एडवेंचर फेस्टिवल का उद्घाटन करने पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जब तक मोहम्मद दीपक सिर्फ दीपक कुमार थे, कांग्रेस के युवराज को उनकी याद नहीं आई, जैसे ही उन्होंने अपने नाम पर मोहम्मद जोड़ा, युवराज ने दीपक को गले लगा दिया।

उन्होंने राहुल गांधी से प्रश्न किया कि वे बताएं कि तीन तलाक, हलाला जैसी कुरीतियों का दंश झेल रही कितनी मुस्लिम महिलाओं से राहुल गांधी ने उनकी परेशानी पूछी?

  • मुस्लिम समाज में व्याप्त कुरीतियों के निराकरण को उनकी ओर से क्या प्रयास किए गए?

कहा कि प्रदेश में समान नागरिक संहिता कानून का कांग्रेस विरोध करती है, जबकि स्वयं मुस्लिम समाज की महिलाओं का मानना है कि इस कानून के आने के बाद उनकी समस्याएं काफी हद तक कम हुई हैं।

कहा कि प्रदेश के बच्चे-बच्चे में राष्ट्रवाद की भावना है, ऐसे में कांग्रेस के युवराज की दाल उत्तराखंड में नहीं गलेगी।

Ad Ad

सम्बंधित खबरें