Big Breaking:-वर्षा ने धो डाला देहरादून का वायु प्रदूषण, 51 दिन बाद AQI आया सबसे न्यूनतम स्तर पर

देहरादून में हुई वर्षा ने वायु प्रदूषण को काफी हद तक साफ कर दिया है। शुक्रवार को शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) औसतन 40 दर्ज किया गया, जो पिछले 51 दिनों में सबसे न्यूनतम स्तर है।

लंबे समय से जहरीली हवा में सांस ले रहे दूनवासियों को इस वर्षा से राहत मिली है, क्योंकि प्रदूषण कण जमीन में समा गए हैं। इससे पहले AQI कई बार 300 के पार चला गया था।

देहरादून। शुक्रवार को हुई वर्षा न सिर्फ अपने साथ लंबे समय बाद ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी लेकर आई, बल्कि मैदानी क्षेत्रों में इसने हवा को भी दुरुस्त कर दिया। राजधानी दून में वर्षा ने वायु प्रदूषण को लगभग पूरी तरह धो डाला।

मौसम में बिना वर्षा नमी के कारण जो प्रदूषण कण निचले वायुमंडल में चिपके हुए थे, वह वर्षा से जमीन में समा गए।

सुरक्षित श्रेणी से जब हवा का रुख जहरीला हुआ, तब से अब तक 51 दिन बाद एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआइ) न्यूनतम स्तर पर पाया गया।

शुक्रवार को एक्यूआइ का औसतन 40 दर्ज किया गया। यह बताता है कि हवा बेहद सुरक्षित श्रेणी में आ गई है।

दून यूनिवर्सिटी में लगाए गए इंस्ट्रूमेंट में एक्यूआइ आमतौर पर 55 से 60 के बीच रहता है। जिसका मतलब यह हुआ कि हवा की गुणवत्ता सुरक्षित श्रेणी में रहती है।

हालांकि, जब ठंड ने जोर पकड़ा तो हवा के संतोषजनक रुख ने साथ छोड़ दिया। आठ दिसंबर के बाद 46 दिन तक ऐसा कोई समय नहीं रहा, जब एक्यूआइ चुनौतीपूर्ण न पाया गया हो।

यहां तक कि नये साल के पहले दिन भी दून ने खराब हवा में सांस ली। तब से अब तक एक्यूआइ छह से अधिक बार 300 का आंकड़ा पार कर गया, जबकि बुरी श्रेणी वाले 200 के आंकड़े ने आठ से अधिक बार सीमा लांघी।

इन खराब हवा वाले दिनों से पहले आखिरी बार दून ने सुकून की सांस आठ दिसंबर को ली थी। हालांकि, तमाम उतार-चढ़ाव के बाद 18 जनवरी को हवा सुरक्षित श्रेणी में पाई गई थी।

19 जनवरी को भी हवा के रुख सुरक्षित की रहा, लेकिन इसके बाद हवा माध्यम श्रेणी में 100 एक्यूआइ को पार कर गई। फिर शुक्रवार को वर्षा हुई और उसने वातावरण की धुलाई कर डाली।

हालिया दिनों में एक्यूआइ

  • तिथि, एक्यूआइ
  • 23 जनवरी, 40
  • 22 जनवरी, 107
  • 21 जनवरी, 136
  • 20 जनवरी, 112
  • 19 जनवरी, 93
  • 18 जनवरी, 88

एक्यूआइ के मुताबिक हवा का हाल

  • शून्य से 50, अच्छा
  • 51 से 100, संतोषजनक
  • 101 से 200, मध्यम
  • 201 से 300, बुरी
  • 301 से 400 बहुत बुरी
  • 401 व अधिक, अति गंभीर
Ad Ad

सम्बंधित खबरें