
रुड़की, लक्सर, भगवानपुर और झबरेड़ा सहित कई इलाकों में सोमवार को पेट्रोल-डीजल की किल्लत से लोग परेशान रहे। ईद और रविवार की छुट्टी के कारण डिपो से आपूर्ति प्रभावित हुई।
रुड़की। पेट्रोल पंप पर पेट्रोल एवं डीजल नहीं मिलने की वजह से सोमवार को लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
रुड़की से लक्सर एवं भगवानपुर, झबरेड़ा समेत कई इलाकों में लोगों को पेट्रोल एवं डीजल नहीं मिल पाया है। जिसकी वजह से लोगों के चेहरे पर चिंता की लकीरें साफ दिखाई दे रही है।
वहीं दूसरी ओर अधिकारियों की माने तो दो दिन छुट्टी होने की वजह से डिपो से तेल की आपूर्ति प्रभावित रही है। मंगलवार को आपूर्ति सुचारू होने की उम्मीद है।
अमेरिका एवं ईरान के बीच चल रहे युद्ध के चलते पेट्रोल एवं डीजल की आपूर्ति भी प्रभावित होना शुरू हो गई है।
हालांकि सरकार एवं पेट्रोलियम कपंनियों की ओर से दावा किया जा रहा है कि निर्बाध रूप से आपूर्ति की जा रही है।
इसी बीच सोमवार को रुड़की एवं भगवानपुर तहसील क्षेत्र के कई पेट्रोल पंप पर पेट्रोल ही खत्म हो गया है। जिसकी वजह से लोग परेशान रहे।
रुड़की में लक्सर मार्ग पर कई पेट्रोल पंप पर सोमवार को पेट्रोल नहीं मिलने की वजह से वाहन चालक परेशान रहे और भटकते रहे।
इसके अलावा भगवानपुर में भी कई पेट्रोल पंप पर पेट्रोल नहीं मिला है। जिसकी वजह से वाहन चालक पेट्रोल पंप से पैदल ही अपने वाहन को खिसकाते हुए लेकर जाते हुए दिखाई दिए।
वहीं इंडियन आयल कारपोरेशन के सेल्स आफिसर रोहित सिन्हा ने बताया कि तेल की कोई कमी नहीं है। ईद एवं रविवार होने की वजह से दो दिन गाड़ियां कम संख्या में निकली है।
सोमवार को इसका असर रहा है। मंगलवार को सभी जगह पेट्रोल पहुंच जाएगा।
जिले में पेट्रोल डीजल की कोई किल्लत नहीं है। कुछ जगह मशीन आदि में खराबी की सूचना दी थी। इसके अलावा गाड़ी देर से पहुंची है।
मुकेश पाल जिला पूर्ति अधिकारी, हरिद्वार









