
विकासनगर-कालसी-चकराता मोटर मार्ग पर दो सड़के हादसे, स्कूटी हादसे में 2 लोगों की मौत, कार हादसे में 1 किशोर की गई जान
विकासनगर: देहरादून जिले के विकासनगर-कालसी-चकराता मोटर मार्ग पर दो सड़क हादसे हुए हैं. जिसमें 3 लोगों की जान चली गई है. जबकि, 5 लोग घायल हो गए हैं. पहला हादसा स्कूटी का हुआ है. जहां अज्ञात वाहन की टक्कर में स्कूटी सवार दो युवकों की मौत हो गई. जबकि, दूसरा हादसा कार का हुआ है, जो अनियंत्रित होकर खेतों में जा गिरी. इस हादसे में एक किशोर की जान गई है.

स्कूटी सवार को वाहन ने मारी टक्कर: चकराता में इन दिनों बर्फ पड़ी हुई है. ऐसे में बर्फबारी का लुत्फ उठाने के लिए काफी संख्या में सैलानी चकराता का रुख कर रहे हैं. इसी कड़ी में चकराता घूम कर लौट रहे स्कूटी सवार दो लोगों को अज्ञात वाहन ने भूतिया घूम के पास टक्कर मार दी. जिसमें स्कूटी सवार दोनों लोग बुरी तरह से घायल हो गए.
वहीं, मौके से गुजर रहे लोगों और पुलिस ने एंबुलेंस के माध्य से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहिया पहुंचाया. जहां डॉक्टरों ने उनकी जांच पड़ताल की तो दोनों पहले ही दम तोड़ चुके थे. सीएचसी सहिया के डॉक्टर संदीप और डॉक्टर सरिता धारिया ने बताया कि दो लोगों को अस्पताल लाया गया था, जो मृत अवस्था में थे. सिर में गहरी चोटें आने से उनकी मौत हुई है.
“कालसी-चकराता मोटर मार्ग पर अज्ञात वाहन ने स्कूटी सवारों को टक्कर मारी थी. जिन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहिया पहुंचाया गया. जहां दोनों को मृत घोषित कर दिया. फिलहाल, हादसे की जांच की जा रही है.“- चंद्रशेखर नौटियाल, चकराता थानाध्यक्ष
स्कूटी हादसे में मौत-
- राजेश सिंह पुत्र विरेंद्र सिंह (उम्र 25 वर्ष), निवासी- सकरोल, कामला, देहरादून
- राजा पुत्र हरिश्चन्द्र (उम्र 23 वर्ष), निवासी- ब्लॉक 21 कल्याणपुर, दिल्ली
कालसी-चकराता मोटर मार्ग पर कार गिरी, हादसे में एक व्यक्ति की मौत: वहीं, दूसरी घटना इसी मोटर मार्ग पर लाल पुल क्षेत्र में बडोई छानी के पास हुई है. जहां एक कार संख्या DL 8 CBE 9132 अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर सड़क से नीचे क्यारियों में जा गिरी. यह घटना शाम करीब 6 बजे के आस पास हुई. इस हादसे में एक किशोर की जान चली गई.
हादसे के बाद आसपास के ग्रामीणों और चकराता-कालसी थाना पुलिस ने घायलों का रेस्क्यू किया. जिन्हें एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहिया पहुंचाया. जहां डॉक्टरों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया तो एक किशोर को मृत घोषित कर दिया. कार में 6 लोग सवार थे. जो चकराता से घूमकर वापस देहरादून की ओर जा रहे थे.
कार हादसे में मौत-
- वंश चावला पुत्र तरूण चावला (उम्र 15 वर्ष), निवासी- संत नगर, दिल्ली
कार हादसे में घायल-
- लीला कपूर पत्नी विशाल कपूर (उम्र 44 वर्ष), निवासी- संत नगर, दिल्ली
- शौर्य कपूर पुत्र विशाल कपूर (उम्र 17 वर्ष), निवासी- संत नगर, दिल्ली
- सृवज्ञा कपूर पुत्री विशाल कपूर (उम्र 10 वर्ष), निवासी- संत नगर, दिल्ली
- हेमा चावला पत्नी तरूण चावला (उम्र 41 वर्ष), निवासी- संत नगर, दिल्ली
- मोहित कपूर पुत्र दर्शन कपूर (उम्र 33 वर्ष), निवासी- संत नगर, दिल्ली









