Big Breaking:-देहरादून में सुरक्षा कर्मियों ने युवक को बेरहमी से पीटा, वीडियो वायरल होने पर पुलिस जांच शुरू

डोईवाला के जौलीग्रांट में एक संस्थान में सुरक्षाकर्मियों द्वारा युवक की पिटाई का वीडियो वायरल हुआ है। इसमें सुरक्षाकर्मी युवक को लाठी-डंडों से पीटते और पैर से चेहरा दबाते दिख रहे हैं।

डोईवाला (देहरादून)। जौलीग्रांट क्षेत्र स्थित एक संस्थान में निजी सुरक्षा कर्मियों द्वारा एक युवक की पिटाई का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे क्षेत्र में चर्चा और आक्रोश का माहौल है।

पैर से चेहरा दबाया

वायरल वीडियो में कुछ सुरक्षा कर्मी एक युवक को लाठी-डंडों से पीटते नजर आ रहे हैं। वहीं, मंगलवार को सामने आए एक अन्य वीडियो में एक सुरक्षाकर्मी युवक के चेहरे को पैर से दबाता हुआ दिखाई दे रहा है।

इन वीडियो के प्रसारित होने के बाद लोग सोशल मीडिया पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

कक्षा में घुसकर हंगामा

इसी बीच एक वीडियो जारी किया गया है। इसमें तीन युवक एक कक्षा में घुसकर छात्रों के साथ दुर्व्यवहार करते नजर आ रहे हैं।

वीडियो में एक सुरक्षा गार्ड उन्हें समझाने का प्रयास करता दिखता है, लेकिन युवक आक्रोशित होकर उसकी बात नहीं सुनते। बाद में ये युवक बाहर भी सुरक्षाकर्मी के साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार करते दिखाई देते हैं।

कानून का उल्लंघन

प्राथमिक तौर पर माना जा रहा है कि इसी घटना के बाद मारपीट की यह घटना हुई। हालांकि, युवकों की गलती के बावजूद इस प्रकार की हिंसा को कानूनन उचित नहीं ठहराया जा सकता।

यही कारण है कि सोशल मीडिया पर लोग घटना की निंदा करते हुए संबंधित कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

जांच में जुटी पुलिस

इस संबंध में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार राणा ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है और मामले में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Ad Ad

सम्बंधित खबरें