
रुद्रपुर में अटरिया मंदिर के पास नमाज अदा कर रहे एक व्यक्ति को लाठी-डंडों से पीटा गया, जिसका वीडियो वायरल हो गया। रेशमबाड़ी निवासी शाहिद ने बताया कि उसे जबरन धार्मिक नारे लगाने को कहा गया।
रुद्रपुर। अटरिया मंदिर के पास मैदान में नमाज अदा कर रहे व्यक्ति को लाठी डंडों से पीट दिया गया। इसकी वीडियो इंटरनेट मीडिया में वायरल हुई तो मामला चर्चा में आ गया।
इससे भड़के मुस्लिम समुदाय के लोगों ने आरोपितों पर कारवाई की मांग को लेकर रात आठ बजे सिडकुल चौकी पुलिस को तहरीर दी। मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
रेशमबाड़ी निवासी शाहिद ने बताया कि वह राजमिस्त्री का काम करता है। इन दिनों वह अटरिया रोड पर एक मकान का निर्माण कार्य कर रहा था। मंगलवार दोपहर वह अटरिया मंदिर के पास मैदान में शांतिपूर्ण तरीके से नमाज अदा कर रहा था।
इसी दौरान एक युवक अपने साथियों के साथ मौके पर आया और उसके साथ लाठी डंडे से मारपीट शुरू कर दी। विरोध जताने के बावजूद उसे पीटा गया और वीडियो भी बनाई गई। आरोप लगाया कि उससे जबरन धार्मिक नारे लगवाने का प्रयास किया गया।
भड़के मुस्लिम समुदाय के लोग
इधर मामले की वीडियो इंटरनेट मीडिया में भी वायरल हो गई। इससे भड़के मुस्लिम समुदाय के लोग रात को यूथ कांग्रेस की सोफिया नाज, पार्षद परवेज कुरैशी की अगवाई में बड़ी संख्या में रात आठ बजे सिडकुल चौकी पहुंचे और चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह बिष्ट से मिले।
साथ ही तहरीर देते हुए मारपीट करने वालों पर कारवाई की मांग की। उनका कहना था कि आये दिन इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। एक बुजुर्ग को नमाज पढ़ते समय बेरहमी से पीटा गया।
एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि तहरीर मिली है, उस पर जांच की जा रही है। जिसके बाद प्राथमिकी पंजीकृत की जाएगी। आरोपित पक्ष ने निजी भूमि पर नमाज पढ़ने की बात कही है। जिस पर पूर्व में भी विरोध जताने की जानकारी दी है।








