सितारगंज में आरके ढाबे के पास एक तेज रफ्तार कार ने हाईवे किनारे खड़ी मां और उसकी दो बेटियों को टक्कर मार दी। इस हादसे में मां मीनू देवी और छह वर्षीय बेटी अंशिका की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि नौ वर्षीय राधिका घायल हो गई।
सितारगंज । सितारगंज में आरके ढाबे के पास शनिवार सुबह तेज रफ्तार कार ने हाईवे किनारे खड़ी महिला और उसकी दो बेटियों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 34 वर्षीय मीनू देवी और उनकी छह वर्षीय बेटी अंशिका की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि नौ वर्षीय बेटी राधिका घायल हो गई।
मीनू देवी दोनों बेटियों के साथ स्कूल में पेरेंट्स मीटिंग में शामिल होने के लिए घर से निकली थीं। सुबह करीब 10:40 बजे वह आरके ढाबे के पास हाईवे किनारे खड़ी होकर वाहन का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान किच्छा की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने तीनों को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि मीनू देवी और अंशिका की मौके पर ही मृत्यु हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी। वहीं, कार चालक को हिरासत में लेकर मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया गया। घायल राधिका को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।.



