कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने प्रधानमंत्री मोदी के 2036 ओलंपिक मेजबानी के संकल्प की सफलता के लिए हरिद्वार से कांवड़ यात्रा शुरू की। संतों और खेल प्रेमियों के साथ यह यात्रा ऋषिकेश स्थित वीरभद्र महादेव मंदिर के लिए रवाना हुई।
हरिद्वार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2036 में भारत में ओलंपिक खेलों की मेजबानी के संकल्प की सफलता की कामना को लेकर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने सोमवार को हरकी पैड़ी से कांवड़ उठाई। उन्होंने ब्रह्मकुंड पर विधि-विधान से मां गंगा का पूजन कर गंगाजल ग्रहण किया और ऋषिकेश स्थित वीरभद्र महादेव मंदिर के लिए रवाना हुईं।

इस अवसर पर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी, महामंत्री श्रीमहंत हरिगिरि समेत कई संत-महात्मा मौजूद रहे। रेखा आर्य ने कहा कि वह मां गंगा का आशीर्वाद लेने आई हैं।
2036 ओलंपिक के संकल्प को लेकर रेखा आर्य ने उठाई कांवड़।
संतों ने महिला शक्ति और राष्ट्रीय संकल्प का अनूठा संगम बताया
भारत में 2036 ओलंपिक कराने के प्रधानमंत्री के संकल्प की सिद्धि और सफलता की कामना के साथ उन्होंने कांवड़ उठाई है।श्रीमहंत रविंद्रपुरी ने इसे सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि कांवड़ संकल्प, श्रद्धा और सेवा का प्रतीक है। संतों ने इसे महिला शक्ति और राष्ट्रीय संकल्प का अनूठा संगम बताया।
खेल मंत्री की दूसरी कांवड़ यात्रा
22 किलोमीटर लंबी इस पैदल कांवड़ यात्रा में संतों के अलावा खिलाड़ी, युवा, खेल प्रेमी और आमजन भी शामिल हैं। खेल मंत्री आर्या की यह दूसरी कांवड़ यात्रा है। इससे पहले 26 जुलाई 2022 को भी वह सावन माह की महाशिवरात्रि में ‘मुझे भी जन्म लेने दो शिव के माह में शक्ति का संकल्प बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ को लेकर भी हरिद्वार से ऋषिकेश तक कांवड़ यात्रा कर चुकी हैं।