Rishikesh

Big Breaking:-टिहरी गढ़वाल बस दुर्घटनाः सोए हुए थे यात्री, आंखें खुली तो पानी के बीच खाई में थी बस

बदरीनाथ राजमार्ग पर गूलर के पास हुई बस दुर्घटना में छठ और दीपावली की छुट्टियां मनाकर लौट रहे कई यात्री घायल हो गए। तेज रफ्तार बस खाई में गिरने से कई परिवारों की खुशियां मातम में बदल गईं, जहां यात्रियों ने अपनी आपबीती सुनाई।

ऋषिकेश। बदरीनाथ राजमार्ग पर गूलर के समीप हुई बस दुर्घटना ने कई परिवारों की खुशियों पर ग्रहण लगा दिया। छठ और दीपावली की छुट्टी मनाकर अपने-अपने गंतव्य को लौट रहे यात्री हंसते-खेलते घर से निकले थे, लेकिन उन्हें क्या पता था कि रास्ते में मौत उनका इंतजार कर रही है।

एम्स में घायल छात्र राहुल ने बताया कि वह श्रीनगर में बी फार्मा चतुर्थ वर्ष का छात्र है। छठ पूजा पर वह अपने घर बिहार गया था। छुट्टी समाप्त होते ही वह हरिद्वार से बस में सवार होकर श्रीनगर के लिए रवाना हुआ था। राहुल ने कांपती आवाज में बताया कि गनीमत रही कि जब बस दुर्घटना हुई, तब मैं बस में सोया हुआ था।

नींद तब खुली जब बस नीचे खाई में पहुंच गई। नींद खुलते ही चारों ओर चीख-पुकार सुनाई दी। तब मुझे लगा कि कोई बड़ी दुर्घटना हो गई है। घायल उत्तर प्रदेश निवासी सागर ने बताया कि वह श्रीनगर में बीए मासकाम आनर्स प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रहा है।

दीपावली की छुट्टी मनाकर वह श्रीनगर यूनिवर्सिटी लौट रहा था। सागर ने बताया बस तेज गति से चल रही थी। कई बार चालक को अन्य यात्रियों ने धीरे चलने को कहा, लेकिन रफ्तार कम नहीं हुई। सागर ने बताया कि दुर्घटना के दौरान वह बस की दो सीटों के बीच फंस गया था।

कड़ी मशक्कत के बाद उसने नीचे जाकर अपनी कोहनी से बस का कांच तोड़ा। इस घटना में उसके मुंह पर कांच के कई जगह निशान आ गए। कड़ी मशक्कत के बाद वह अपने आप ही बस से बाहर निकला और नीचे पानी में गिर गया। रेस्क्यू टीम ने एम्स में भर्ती करवाया। बस दुर्घटना की खबर बताते ही वह फफक-फफक कर रो पड़ा।

फोन पर स्वजन को देते जानकारी

कोलकाता निवासी राजेश चंद्रा ने बताया कि वह अपने दोस्त आरपी घोष के साथ जोशीमठ के औली में घूमने के लिए निकले थे। इस घटना में उनका दोस्त भी घायल हुआ है। उन्होंने भगवान का शुक्रिया अदा किया कि वह किसी बड़ी अनहोनी से बच गए।

वहीं घायल नगरासू निवासी जतिन ने बताया कि वह दिल्ली की एक कंपनी में काम करते हैं और दिल्ली से घर जा रहे थे। इस घटना में घायल हुए आईटीबीपी जोशीमठ के जवान और बिहार निवासी संतोष कुमार ने बताया कि उनकी ड्यूटी औली में थी।

दिवाली और छठ पूजा मनाने के बाद वह ड्यूटी के लिए रवाना हो रहे थे। सभी घायलों का एम्स ऋषिकेश में उपचार चल रहा है। हादसे की याद आते ही घायलों की आंखें नम हो गई। इस दौरान कई घायलों ने उपचार के दौरान नम आंखों से फोन पर अपने स्वजनों को बस दुर्घटना की जानकारी दी।

Ad Ad
"उत्तराखण्ड आई" उत्तराखण्ड तथा देश-विदेश की ताज़ा ख़बरों व समाचारों का एक डिजिटल माध्यम है। अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को हम तक पहुंचानें हेतु संपर्क करें। धन्यवाद! Email: [email protected]

GET IN TOUCH

संपादक: शाहबाज हुसैन
पता: किशनपुर, देहरादून, उत्तराखण्ड
दूरभाष: +91 70171 42309
ई-मेल: [email protected]

To Top