
टिहरी लेक फेस्टिवल में आईटीबीपी की 12वीं वाहिनी की प्रदर्शनी मुख्य आकर्षण बनी हुई है। इसमें पहली बार मशीन गन और मोर्टार जैसे भारी हथियार प्रदर्शित किए गए हैं।
नई टिहरी। द टिहरी लेक फेस्टिवल में आइटीबीपी की 12वीं वाहिनी की प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। प्रदर्शनी में पहली बार लोगों को मशीन गन और मोर्टार जैसे हथियार नजदीक से देखने को मिल रहे हैं।
आइटीबीपी के सुधीर कुमार और राम बाबू बताते हैं कि अभी तक हम जो प्रदर्शनी लगाते थे। उसमें एलएमजी, पिस्तौल जैसे अपेक्षाकृत हल्के हथियार ही प्रदर्शित किए जाते थे।
लेकिन अबकी बार मशीनगन और मोर्टार जैसे हथियार भी प्रदर्शित किए गए हैं, जोकि भारी हथियार होते हैं। अमूमन इन्हें प्रदर्शित नहीं किया जाता था। इस प्रदर्शनी के एक हिस्से में पर्वतारोहण के दौरान काम आने वाले टूल्स को भी प्रदर्शित किया गया है।
आइटीबीपी से जुड़े राजीव खरे और अन्य लोग यहां पर लोगों को महत्वपूर्ण जानकारी दे रहे हैं। विशेष रूप से एवलांच के दौरान प्रयोग में आने वाले टूल्स की जानकारी लेने में लोग दिलचस्पी दिखा रहे हैं।
पिछले वर्ष धराली में आई आपदा और आइटीबीपी के राहत कार्य की झलक भी प्रदर्शनी में दिखाई दे रही है। इस प्रदर्शनी के लिए मातली उत्तरकाशी से 22 जवान कोटी कालोनी टिहरी पहुंचे हैं। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि) गुरमीत सिंह ने रविवार को इस प्रदर्शनी का अवलोकन किया था।









