
उत्तराखंड में शुक्रवार को मौसम ने करवट ली, जिससे ठंडी हवाएं चलीं और कई जगह बारिश हुई। बदरीनाथ और केदारनाथ में बर्फबारी हुई। वहीं मसूरी धनौल्टी और चकराता में इस सीजन का पहला स्नोफॉल हुआ।
मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, देहरादून सहित छह जिलों में भारी बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। अन्य जिलों में ओलावृष्टि व तेज हवाओं का येलो अलर्ट है। इस बदलाव से किसानों और आम जनता को सूखे व जंगल की आग से राहत मिलेगी, क्योंकि ठंड वापस लौट आई है।
देहरादून। लंबे इंतजार के बाद शुक्रवार उत्तराखंड में मौसम ने करवट ली। तड़के से ठंडी हवाएं चलीं तो वहीं कहीं-कहीं बारिश और बर्फबारी भी हुई। केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री और हेमकुंड में बर्फबारी हुई। जिससे ठंड लौट आई। शुक्रवार को मौसम विभाग द्वारा बारिश और बर्फबारी का अलर्ट भी जारी किया गया है।
वहीं मसूरी धनौल्टी और चकराता में में इन सर्दियों को पहला स्नोफॉल हुआ। जिससे पर्यटकों और स्थानीय व्यापारियों के चेहरे खिल गए। माल रोड तक बर्फ की फुहारें पड़ीं। लेकिन तेज हवाओं के कारण जम नहीं पाईं। मानसून की विदाई के चार महीने बाद मसूरी में बूंदाबांदी और हिमपात हुआ। धनोल्टी और सुरकंडा में भी हिमपात हुआ।
हल्द्वानी में सुबह तेज हवाएं चली और हल्के बादल छाए रहे। बागेश्वर में कोहरा छाया रहा। पिथौरागढ़ में हल्के बादल छाए रहे। नैनीताल में भी हल्के बादल छाए। बीती रात मौसम विभाग के पूर्वानुमान के बाद भी बारिश नहीं हुई। रानीखेत, द्वाराहाट, सल्ट समेत पर्वतीय क्षेत्रों में बादल छाने से ठंड बढ़ी।
ऋषिकेश में बारिश हुई। जिससे कंपकंपाती सर्दी पड़ रही है। कोटद्वार में बादल छाए। यहां बारिश की संभावना बनी हुई है। जिला मुख्यालय नई टिहरी में मौसम खराब बना रहा, गुरुवार रात में हल्की बूंदाबांदी भी हुई। हरिद्वार सहित आसपास के क्षेत्र में बूंदाबांदी हुई।







