
देहरादून के श्रीदेवसुमन नगर में एक बंद घर में चोरी हुई। चोरों ने ताले तोड़कर नकदी, गहने और एक गैस सिलिंडर चुरा लिया।
देहरादून। गैस सिलिंडर की मारामारी के बीच अब घरों के अंदर भी सिलिंडर सुरक्षित नहीं रहे।
श्रीदेवसुमन नगर स्थित कालिका मंदिर वाली गली में चोरों ने घर के ताले तोड़कर पहले नकदी व गहने चुराए। फिर जाते-जाते वह गैस सिलिंडर भी चोरी करके ले गए।
मकान मालिक अशोक कुमार के पिता का 12 मार्च को निधन हो गया था, ऐसे में परिवार बिहार चला गया था।
चोरों ने बंद घर को निशाना बनाते हुए चोरी की घटना को अंजाम दिया। पीड़ित का रिश्तेदार जब घर देखने पहुंचा, तब चोरी का पता चला। समाजसेवी मुकेश शर्मा ने इस संबंध में पुलिस को सूचित किया है।
मुकेश शर्मा ने बताया कि रविवार को उनके रिश्तेदार चंदन घर देखने पहुंचे, तो देखा कि बाहर मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ था। जबकि अंदर लाइट खुली हुई थी।
अंदर कमरे में जाकर देखा, तो वहां आलमारी खुली थी, कपड़े अस्त-व्यस्त पड़े हुए थे। चोर आलमारी से सारे गहने व नकदी चोरी करके ले गए।
चंदन ने रिश्तेदार अशोक कुमार से फोन पर बात की, तो उन्होंने बताया कि घर में सोने व चांदी के गहने व 17 हजार रुपये नकद रखे हुए थे।
इसके अलावा जाते-जाते वह किचन से सिलिंडर भी चोरी करके ले गए। पूर्व में भी इसी गली में चोरी की घटना हो चुकी है।









