Big Breaking:-उत्तराखंड में फिर एक्टिव होंगे ट्रांसपोर्ट चेकपोस्ट, लेकिन सैलानियों से नहीं करेंगे वसूली

उत्तराखंड परिवहन विभाग अपनी चेकपोस्ट फिर से सक्रिय करेगा। इस बार इनका उद्देश्य टैक्स वसूली नहीं, बल्कि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करना है।

देहरादून। प्रदेश में परिवहन विभाग अपनी चेकपोस्ट फिर से सक्रिय करेगा। इन चेकपोस्ट पर इस बार टैक्स की वसूली नहीं बल्कि यहां टास्कफोर्स की तैनाती और यात्रियों की मदद की जाएगी। यहां विश्राम कक्ष, इंटरनेट कनेक्टिविटी, शौचालय, व पेयजल की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।

परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने नारसन, आशारोड़ी, चिडिय़ापुर, रुद्रपुर व काशीपुर में इन चेकपोस्ट को फिर से सक्रिय करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने ऋषिकेश, देहरादून व हरिद्वार के बीच परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए हैं।

परिवहन मुख्यालय में मंगलवार को परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने विभागीय समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने चारधाम यात्रा के दृष्टिगत तीर्थयात्रियों के लिए डस्टबीन बैग व फर्स्ट एड किट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि चालान के सापेक्ष इन्हें वसूलने के मामलों को बढ़ाने के लिए कार्ययोजना बनाई जाए। चालान के भुगतान को क्यूआर कोड, यूपीआइ व अन्य माध्यमों की व्यवस्था की जाए। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को मुख्य मार्गों पर ब्लैक स्पाट एवं दुर्घटना संभावित स्थलों की वैज्ञानिक तरीके से मैपिंग करने और मानकों के अनुसार इनके सुधारीकरण के निर्देश दिए।

नए आय के स्रोत उत्पन्न हो सकेंगे

उन्होंने परिवहन निगम को आमजन को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए दुर्गम मार्गों पर टैंपों ट्रेवलर का रियायती दरों पर संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने लाभकारी मार्गों पर उच्चीकृत एसी बसों का संचालन सुनिश्चित करने को भी कहा। साथ ही उन्होंने निगम से सभी महत्वपूर्ण जमीनों की मैपिंग करने को भी कहा ताकि वहां बहुपयोगी आधारभूत संरचना विकसित की जा सकें। उन्होंने कहा कि इससे निगम को नए आय के स्रोत भी उत्पन्न हो सकेंगे।

बैठक में सचिव एवं आयुक्त परिवहन बीके संत, एमडी परिवहन निगम रीना जोशी, अपर परिवहन आयुक्त एसके सिंह, संयुक्त परिवहन आयुक्त राजीव कुमार मेहरा, उप परिवहन आयुक्त दिनेश चंद्र पठोई, शैलेश तिवारी, सुनील शर्मा व आरटीओ देहरादून संदीप सैनी व डा अनीता चमोला उपस्थित रहे।

Ad Ad

सम्बंधित खबरें