
उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) ने बजट सत्र के पहले दिन ग्रीष्मकालीन राजधानी भराड़ीसैंण में स्थाई राजधानी गैरसैंण और पहाड़ी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की कमी को लेकर आंदोलन किया।
गैरसैंण (चमोली)। बजट सत्र के पहले दिन ग्रीष्मकालीन राजधानी भराड़ीसैंण में उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) ने स्थाई राजधानी गैरसैंण और प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की कमी के खिलाफ आंदोलन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने विधानसभा घेराव का प्रयास किया।

पुलिस ने उन्हें दुगतोलासैंण चेक पोस्ट पर रोकने का प्रयास किया, लेकिन आंदोलनकारी बैरियर तोड़कर दिवालीखाल की ओर बढ़ गए। यहां भी मुख्य बैरियर को पार कर भराड़ीसैंण की ओर बढ़ गए।
भराड़ीसैंण में पुलिस ने आंदोलनकारियों को रोकने के लिए वाटर केनन का प्रयोग किया, जिससे उनकी पुलिस से धक्का-मुक्की भी हुई।
यहां से कई उक्रांद नेता पुलिस की सभी तैयारियों को धत्ता बताते हुए जंगल के रास्ते विधानसभा भवन के पास तक पहुंचने में कामयाब हुए। हालांकि विधानसभा भवन के नजदीक पहुंचते ही पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर लिया।

उक्रांद नेताओं का कहना था कि सरकार राज्य आंदोलनकारियों के सपनों की राजधानी गैरसैंण को स्थापित नहीं कर रही है और स्थाई राजधानी के नाम पर जन भावनाओं के साथ खिलवाड़ कर रही है।
जब आंदोलनकारी जुलूस के रूप में गैरसैंण से भराड़ीसैंण के लिए निकले तो पुलिस ने उन्हें दुगतोलासैंण बैरियर पर रोकने का प्रयास किया। कार्यकर्ता बैरियर तोड़कर दिवालीखाल पहुंचे और दोनों बैरियर को तोड़कर विधानसभा की ओर कूच किया। इससे पुलिस प्रशासन के हाथ-पैर फूल गए।

भराड़ीसैंण में बने बैरियर पर पुलिस से आंदोलनकारियों की धक्कामुक्की भी हुई। इस पर पुलिस ने वाटर केनन का प्रयोग कर आंदोलनकारियों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आंदोलनकारी दिवालीखाल बैरियर भी पार कर आगे बढ़ गए।
यहां से आधा किलोमीटर आगे भारी पुलिस बल ने उन्हें रोक लिया। इस दौरान कार्यकर्ता वहीं धरने पर बैठ गए। इससे लगभग तीन घंटे तक भराड़ीसैंण के लिए यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा।

अधिकारियों और सेक्टर मजिस्ट्रेट के कई बार समझाने के बावजूद यूकेडी कार्यकर्ता मांगों पर अड़े रहे। तीन घंटे के लंबे संघर्ष के बाद पुलिस ने बल प्रयोग कर उक्रांद युवा मोर्चा अध्यक्ष आशीष नेगी समेत 40 से 50 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर मालसी और मेहलचौरी में बनाई अस्थाई जेल में भिजवाया।

वहीं इस बीच मौका पाकर द्वाराहाट के पूर्व विधायक पुष्पेश त्रिपाठी, चमोली यूकेडी जिलाध्यक्ष युद्धवीर सिंह नेगी, दिगंबर सिंह, जय सिंह, शिखा, लक्ष्मी सहित दर्जनों कार्यकर्ता जंगल के रास्ते ही विधानसभा कूच के लिए निकल पड़े। हालांकि विधानसभा भवन के नजदीक पहुंचते ही पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर लिया।
प्रदर्शन करने वालों में उक्रांद युवा मोर्चा अध्यक्ष आशीष नेगी, गैरसैंण से नारायण सिंह बिष्ट, यशवंत सिंह, राजेंद्र सिंह, पौड़ी से कुलदीप रावत और अर्जुन रावत, सल्ट से पान सिंह रावत, केदारनाथ से आशुतोष भंडारी, जोशीमठ से सुमित्रा चमोला, थराली से पृथ्वी सिंह नेगी, देवाल से हेमा गड़िया, देघाट से विराट नेगी और शुभम कैत्युरा,
थराली से दर्शन सिंह, सल्ट से प्रताप सिंह, रुद्रप्रयाग से सूरत सिंह झिंक्वाण, देवाल से पूजा शर्मा, नंदानगर घाट से सर्वेश्वर प्रसाद पुरोहित, देहरादून सेलाकुई से विपिन अंथवाल, देहरादून सहसपुर से धीरज गुसाईं सहित पूरे प्रदेशभर से कार्यकर्ता मौजूद रहे।









