यह पुरस्कार एक कठोर और बहु-स्तरीय मूल्यांकन प्रक्रिया के बाद दिया जाता है, जिसमें पुलिस बल के हर आयाम कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, आंतरिक सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, जनसुरक्षा और तकनीकी नवाचार का गहन परीक्षण किया जाता है।
उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस कलर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हाथों प्रदान किया जा सकता है। स्थापना दिवस पर यह समारोह किया जाएगा। उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस कलर की घोषणा इसी साल अप्रैल में की गई थी। बताया जा रहा है कि उत्तराखंड पुलिस के लिए राष्ट्रपति पुलिस कलर का डिजाइन फाइनल किया जा चुका है।
गौरतलब है कि यह पुरस्कार एक कठोर और बहु-स्तरीय मूल्यांकन प्रक्रिया के बाद दिया जाता है, जिसमें पुलिस बल के हर आयाम कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, आंतरिक सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, जनसुरक्षा और तकनीकी नवाचार का गहन परीक्षण किया जाता है। यह सम्मान पुलिस बल के ध्वज और वर्दी पर अंकित होकर उसके गौरव, अस्मिता और परंपरा का स्थायी प्रतीक बन जाता है, साथ ही हर पुलिसकर्मी के लिए प्रेरणा और जिम्मेदारी का स्रोत भी है।
उत्तराखंड पुलिस इन सभी प्रक्रियाओं पर खरी उतरी थी। यही कारण था कि देश की चुनिंदा राज्यों की पुलिस में उत्तराखंड का नाम भी शामिल हुआ था। अप्रैल में गोवा पुलिस के लिए भी इस सम्मान की घोषणा हुई थी। वहां राष्ट्रपति पुलिस कलर को प्रदान किए जाने के लिए समारोह आयोजित हो चुका है।
इसके लिए उत्तराखंड पुलिस भी तैयारी कर रही थी। बताया जा रहा है कि पुलिस अधिकारियों की एक समिति ने इसके डिजाइन को फाइनल भी कर लिया है। अब समारोह की तैयारियां की जा रही हैं। सूत्रों के अनुसार इस सम्मान को प्रदान करने के लिए उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस नौ नवंबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह देहरादून आ सकते हैं।



