मसूरी में पति के साथ घूमने आई नवविवाहिता की रहस्यमयी तरीके से मौत हो गई है. महिला का लाश होमस्टे के कमरे में मिली.
मसूरी: देहरादून जिले के मसूरी से बड़ी खबर सामने आई है. यहां होमस्टे में रुकी 27 साल की महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. महिला अपने पति के साथ दिल्ली से मसूरी में छुट्टी मनाए आए थे. दोनों की हाल में शादी हुई थी. मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और अपनी जांच पड़ताल शुरू की.
सुबह का मंजर देख पति के उड़ गए होश: फिलहाल जो जानकारी सामने आई है, उसके अनुसार दिल्ली का नवविवाहित जोड़ा मसूरी-धनौल्टी मार्ग पर टिपरीधार के पास होम स्टे में रुका था, जहां कमरे में सोमवार पत्नी अचेत अवस्था में मिली.
पुलिस के अनुसार पति ने बताया कि जब वो सुबह उठा तो उसे पत्नी फर्श पर पड़ी हुई मिली. पत्नी के नाक से खून बह रहा था और शरीर में कोई हलचल नहीं थी. घबराए पति ने तुरंत होमस्टे प्रबंधन और पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस, 108 एंबुलेंस और बाद में फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया गया.
सात महीने पहले ही हुई थी शादी: पुलिस ने बताया कि मृतक महिला का नाम राधा गायत्री है, जिनकी उम्र करीब 27 साल की थी. राधा गायत्री की करीब सात महीने पहले ही सौम्या श्रीचरण से शादी हुई थी, आईटी क्षेत्र में कार्यरत हैं. पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों का विवाह नवंबर 2025 में हुआ था. पति पुणे और पत्नी गुरुग्राम में नौकरी करती थी.
कमरे से मिले कई अहम सुराग: पुलिस ने बताया कि दंपती 13 जून को दिल्ली से उत्तराखंड घूमने निकले थे. ऋषिकेश में समय बिताने के बाद वे शनिवार रात मसूरी पहुंचे और धनौल्टी मार्ग स्थित होमस्टे में ठहरे थे. पुलिस जांच के दौरान कमरे में कई ऐसे तथ्य सामने आए हैं, जिनकी बारीकी से जांच की जा रही है.
चादर पर मिले खून के निशान: कमरे में बिस्तर की चादर पर खून के निशान मिले. इसके कमरे से दो खाली शराब की बोतलें भी मिली है. पुलिस को आशंका है कि रात में दोनों ने शराब भी पी थी. पुलिस ने बताया कि फील्ड यूनिट ने कमरे की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कर साक्ष्य एकत्र किए हैं. घटनास्थल से लिए गए नमूनों को जांच के लिए भेजा गया है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी निगाहें: घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने डॉक्टरों के पैनल से वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराने का अनुरोध किया है. अधिकारियों का कहना है कि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.
परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़: घटना की सूचना मिलते ही मृतका के सास-ससुर मसूरी पहुंच गए, जबकि माता-पिता विशाखापट्टनम से उत्तराखंड के लिए रवाना हुए. होमस्टे के बाहर दिनभर परिजनों और पुलिस अधिकारियों की आवाजाही बनी रही.
मसूरी पुलिस का कहना है कि मामले को बेहद संवेदनशीलता से लिया जा रहा है और किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर तस्वीर साफ हो सकेगी.