Department

Big Breaking:-देहरादून में आधी रात में युवक का अपहरण कर लूटपाट, पुलिस ने शुरू की जांच

देहरादून के प्रेमनगर में एक युवक को स्कूटी सवार दो अज्ञात लोगों ने अगवा कर मारपीट की और मोबाइल-नकदी लूट ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है, जबकि पीड़ित अस्पताल में भर्ती है।

देहरादून। प्रेमनगर क्षेत्र में युवक के साथ मारपीट और लूट की घटना सामने आई है। आरोप है कि देर रात दो स्कूटी सवार युवकों ने युवक को जबरन अपने साथ बैठाकर उसके साथ मारपीट की और मोबाइल फोन तथा नकदी छीनकर उसे सुनसान इलाके में फेंक दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

कोतवाली प्रेमनगर पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को शिवाजी मार्ग, कांवली रोड निवासी विनोद कुमार ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनका पुत्र आकाश बीते बुधवार की देर रात करीब आईटी पार्क से सहस्त्रधारा क्रॉसिंग के पास घर जाने के लिए खड़ा था। इसी दौरान दो अज्ञात युवक स्कूटी पर वहां पहुंचे और जबरन आकाश को अपने साथ बैठा लिया।

आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी

पीड़ित के स्वजनों के मुताबिक आरोपितों ने रास्ते में आकाश के साथ मारपीट की और उसके दो मोबाइल फोन तथा करीब 600 रुपये नकद छीन लिए। इसके बाद आरोपितों ने उसे जामुनवाला पुल के पास प्रेमनगर क्षेत्र में नीचे छोड़ दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और आकाश के स्वजनों को जानकारी दी।

पुलिस ने घायल युवक को एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए दून अस्पताल भिजवाया। वर्तमान में आकाश का इलाज दून चिकित्सालय में चल रहा है। पुलिस का कहना है कि युवक अभी मानसिक और शारीरिक रूप से पूरी तरह सामान्य नहीं है, जिसके चलते वह घटना के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रहा है।

पुलिस ने बताया कि शिकायत पत्र में दर्ज तथ्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

Ad Ad
"उत्तराखण्ड आई" उत्तराखण्ड तथा देश-विदेश की ताज़ा ख़बरों व समाचारों का एक डिजिटल माध्यम है। अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को हम तक पहुंचानें हेतु संपर्क करें। धन्यवाद! Email: [email protected]

GET IN TOUCH

संपादक: शाहबाज हुसैन
पता: किशनपुर, देहरादून, उत्तराखण्ड
दूरभाष: +91 70171 42309
ई-मेल: [email protected]

To Top