उत्तराखंड में जनवरी से मार्च 2026 के दौरान बिजली खरीद पर 342.95 करोड़ रुपये का अतिरिक्त खर्च आया, जिसमें से 18.97 करोड़ रुपये की वसूली बाकी है। इस बकाया राशि को यूपीसीएल द्वारा सितंबर की खपत के आधार पर अक्टूबर के बिजलीबिलों में समायोजित किया जाएगा, जिसकी अंतिम पुष्टि ऑडिट के बाद होगी।
देहरादून। उत्तराखंड में जनवरी से मार्च, 2026 के दौरान बिजली खरीद पर 342.95 करोड़ रुपये की अतिरिक्त लागत आई। इसके सापेक्ष तीन महीनों में कुल 323.98 करोड़ रुपये ही बिजली खरीद लागत समायोजन से वसूल हो सके। कुल 18.97 करोड़ रुपये की राशि की वसूली बाकी रह गई।
यूईआरसी ने 18.97 करोड़ रुपये की कम वसूली को सितंबर की बिजली खपत के आधार पर अक्टूबर में जारी होने वाले बिलों में समायोजित करने की अनुमति यूपीसीएल को दी है।
राशि की अंतिम पुष्टि अभी नहीं हुई
आयोग ने स्पष्ट किया है कि इस राशि की अंतिम पुष्टि अभी नहीं हुई है। संबंधित अवधि के ऑडिटेड वाणिज्यिक आंकड़े उपलब्ध होने के बाद ट्रू-अप के दौरान इसका अंतिम समायोजन किया जाएगा।
आयोग ने दिए ये निर्देश
आयोग ने निर्देश दिया है कि यूपीसीएल प्रत्येक माह लगाए जाने वाले समायोजन की जानकारी उपभोक्ताओं को पहले से उपलब्ध कराए। इसके लिए आगामी माह के समायोजन का विवरण हर महीने की 28 तारीख तक वेबसाइट पर अपलोड करना होगा, ताकि उपभोक्ता अपने बिजली खर्च की पहले से योजना बना सकें।