रामनगर में यूथ कांग्रेस के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोपाल अधिकारी पर सुबह अज्ञात लोगों ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
रामनगर। यूथ कांग्रेस के पूर्व रामनगर विधानसभा अध्यक्ष व ट्रांसपोर्टर गोपाल अधिकारी पर सुबह पांच बजे अज्ञात लोगों ने हमला कर उसे घायल कर दिया। युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे रामनगर से काशीपुर के निजी अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला पंपापुरी निवासी गोपाल अधिकारी उर्फ गोपू गुरुवार सुबह चार बजे बाइपास पुल की ओर जा रहा था। तभी ट्रांसपोर्ट नगर के समीप उसकी कार को चार लोगों ने घेर लिया। इसके बाद उस पर ईंट से हमला कर दिया। उसे बुरी तरह मारा है। कार के भीतर भी आगे सीट पर खून पड़ा है।
मार्निंग वाक के लिए जा रहे एक दो लोगों को आता देख हमलावर फरार हो गए। मौके पर गोली चलने की बात भी कही जा रही है। घायल गोपाल को रामनगर के निजी अस्पताल लाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे काशीपुर के लिए रेफर किया गया है।
कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि फायरिंग के कोई साक्ष्य नहीं मिले हैं। उसका उपचार चल रहा है। आसपास सीसीटीवी खंगालकर घटना की जांच की जा रही है।