उत्तराखंड में शुद्धीकरण विवाद पर कांग्रेस का हल्ला बोल, मुख्यमंत्री आवास कूच की तैयारी
उत्तराखंड में शुद्धीकरण विवाद को लेकर कांग्रेस ने मुख्यमंत्री आवास कूच की तैयारी की है। यह कूच सामाजिक न्याय, संविधान की रक्षा और सरकारी नीतियों के विरोध में किया जाएगा।
देहरादून। उत्तराखंड में शुद्धीकरण विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। साेमवार को प्रस्तावित मुख्यमंत्री आवास कूच की तैयारियों को लेकर प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक राजकुमार के कार्यालय में कांग्रेसजनों ने तैयारियों को अंतिम रूप दिया।
बैठक में प्रदेश कांग्रेस कैंपेन कमेटी के अध्यक्ष एवं चकराता विधायक प्रीतम सिंह ने केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की नीतियों पर निशाना साधा।
प्रदेश सरकार की नीतियों से आम जनता परेशान
प्रीतम सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार की नीतियों से आम जनता परेशान है। कांग्रेस जनहित, सामाजिक न्याय और संविधान की रक्षा के मुद्दों को लेकर लगातार आवाज उठाती रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सोमवार को प्रस्तावित मुख्यमंत्री आवास कूच में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया।