उत्तराखंड सरकार बाबा नीम करौरी महाराज से जुड़े स्थलों को एक पर्यटन सर्किट के रूप में विकसित करेगी।
देहरादून। बाबा नीम करौरी महाराज से जुड़े स्थलों को उत्तराखंड में एक सर्किट के रूप में विकसित किया जाएगा। पर्यटन एवं धर्मस्व मंत्री सतपाल महाराज ने शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में यह जानकारी साझा की।
उन्होंने कहा कि सर्किट को उत्तर प्रदेश में स्थित बाबा नीम करौरी महाराज से संबंधित स्थलों को भी जोड़ा जाएगा। इस सिलसिलेे में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से आग्रह करने के साथ ही वहां के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह को पत्र भी भेजा गया है।
कैबिनेट मंत्री महाराज ने डालनवाला स्थित आवास पर हुई बातचीत में कहा कि कैंची धाम, नीम करौरी बाबा सर्किट का मुख्य स्थल होगा। काकड़ीघाट, नैनीताल का हनुमान मंदिर, ऋषिकेश का हनुमान मंदिर समेत बाबा नीम करौरी महाराज जिन-जिन स्थानों पर गए और साधना की, उन्हें इस सर्किट से जोड़ा जाएगा। ऐसे स्थलों की जानकारी जुटाने के लिए पर्यटन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के मथुरा में बाबा की समाधि है। साथ ही वहां के अन्य कई स्थल भी बाबा से जुड़े हैं। इन्हें भी उत्तर प्रदेश सरकार के सहयोग से सर्किट का हिस्सा बनाया जाएगा।
अन्य संतों पर भी फिल्म बनाए बॉलीवुड
उन्होंने कहा कि बाबा नीम करौरी महाराज की तरह महावतार बाबा, हेड़ाखान, टाट बाबा, लहरी महाशय समेत अन्य संतों पर केंद्रित फिल्में भी बननी चाहिए। इस सिलसिले में वह बॉलीवुड के निर्माता-निर्देशकों से आग्रह करेंगे। इससे इन संतों के बारे में भी देशवासियों को जानकारी मिल सकेगी।