पंचाचुली पहाड़ों पर हुई बर्फबारी से बदला मौसम, कई जिलों में सड़कें बंद; यलो अलर्ट जारी
उत्तराखंड में पिछले दो दिनों से वर्षा और पंचाचुली में हिमपात जारी है, जिससे कई जिलों में सड़कें बंद हो गई हैं और जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने पहाड़ी क्षेत्रों के लिए भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने का येलो अलर्ट जारी किया है, जबकि मैदानी इलाकों में बारिश कम होने की उम्मीद है।
देहरादून। उत्तराखंड में पहाड़ से मैदान तक मौसम का मिजाज बदला हुआ है। प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में बीते दो दिनों से वर्षा का दौर जारी है। देहरादून समेत कई इलाकों में झमाझम वर्षा हुई। मौसम विभाग का पहाड़ी क्षेत्र को लेकर किया गया पूर्वानुमान सही निकला। पंचाचुली में हिमपात हुआ है। वहीं कई जिलों में बारिश हुई है।
नैनीताल में मंगलवार को बादल छाए हुए हैं। यहां झील से 18 इंच पानी की निकासी की गई है। वहीं पिथौरागढ़ में रात को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में वर्षा हुई, अभी हल्के बादलों के बीच धूप खिली है। कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग चौथे दिन भी बंद है। चीन सीमा का संपर्क कटा हुआ है। वहीं टनकपुर पिथौरागढ़ हाईवे में घाट बैंड पर अभी भी पत्थर गिरने से यातायात बाधित हो रहा है। जिले में 15 सड़के बंद हैं।