नेपाल प्रहरी के एक जवान ठगेंद्र सिंह बोहरा ने अपनी पत्नी को वीडियो कॉल करने के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने डडेलधुरा के अमरगढ़ी क्षेत्र से शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और मामले की जांच कर रही है।
पिथौरागढ़। भारत की सीमा से लगे सटे पड़ोसी देश नेपाल में तैनात नेपाल प्रहरी के एक जवान ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान बैतड़ी जिले की सिगास गांव पालिका-3 डुंडै निवासी ठगेंद्र सिंह बोहरा के रूप में हुई है, जो डडेलधुरा में सिपाही पद पर कार्यरत था।
बताया जा रहा है कि आत्मघाती कदम उठाने से ठीक पहले ठगेंद्र ने अपनी पत्नी को वीडियो कॉल किया। उसकी पत्नी भी नेपाल प्रहरी में ही सेवारत है। पति को फंदे पर लटकता देख घबराई पत्नी ने तत्काल डडेलधुरा पुलिस को इसकी सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने अमरगढ़ी नगरपालिका-5 स्थित ऋषि गधेरे से शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।