आंध्र प्रदेश की 66 वर्षीय महिला तीर्थयात्री की आदि कैलास यात्रा के दौरान पिथौरागढ़ में तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। कुटी के होमस्टे में हुई इस घटना का कारण प्रारंभिक तौर पर हार्ट अटैक बताया जा रहा है, शव का पोस्टमार्टम होगा।
पिथौरागढ़। पवित्र आदि कैलास यात्रा पर आई आंध्र प्रदेश की एक 66 वर्षीय महिला तीर्थयात्री की बुधवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। महिला की मौत हार्ट अटैक से होने की संभावना जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार आंध्र प्रदेश के सिकंदराबाद स्थित एमके नगर ओयू कॉम्प्लेक्स पिनकोड 500007 निवासी मान्धा देवम्मा ऐलाया पत्नी एम. ऐलाया अन्य यात्रियों के दल के साथ मंगलवार शाम कुटी पहुंची थीं। बुधवार सुबह लगभग सात बजे कुटी के होमस्टे में अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई।
स्थिति को देखते हुए साथी यात्री उन्हें इलाज के लिए तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गुंजी ले गए। वहां परीक्षण के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रथम दृष्टया मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है।
एसएसबी द्वारा इस घटना की सूचना स्थानीय प्रशासन को दी गई। चिकित्सकों द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद दोपहर 12 बजे साथी यात्री उनके शव को लेकर धारचूला की ओर रवाना हो गए हैं।
इस संबंध में एसडीएम आशीष जोशी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।