सात वर्षीय वंशिका बिष्ट ने सीबीएसई क्लस्टर-19 बालिका रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप में दो रजत पदक जीतकर उत्तराखंड का नाम रोशन किया है।
अल्मोड़ा। उम्र महज सात साल, लेकिन लक्ष्य राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का। ऊंचावाहन गांव की वंशिका बिष्ट ने सीबीएसई क्लस्टर-19 (उत्तरी क्षेत्र-एक) बालिका रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप में दो रजत पदक जीतकर उत्तराखंड का नाम रोशन किया है।
24 से 26 सितंबर 2026 के बीच आयोजित प्रतियोगिता में वंशिका ने अंडर-नाइन कैटेगरी में हिस्सा लिया। अपनी उम्र से बड़े खिलाड़ियों के बीच प्रतिस्पर्धा करते हुए उसने दोनों स्पर्धाओं में बेहतरीन प्रदर्शन किया और सिल्वर मेडल अपने नाम किए। प्रतियोगिता का आयोजन देवासवम बैंक्ड ट्रैक पर हुआ।
वंशिका ने दो रजत पदक जीतने के साथ सीबीएसई नेशनल चैंपियनशिप के लिए भी क्वालिफाई कर लिया है। अब वह राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा दिखाएगी। प्रतियोगिता के दौरान वंशिका को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) श्रीचंद शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने वंशिका को मेडल पहनाकर उसकी उपलब्धि के लिए बधाई दी। ऊंचावाहन गांव की वंशिका वर्तमान में इंदिरापुरम स्थित सेंट फ्रांसिस स्कूल में कक्षा दो की छात्रा है।
अपने माता-पिता के साथ गाजियाबाद में रहकर पढ़ाई और स्केटिंग की ट्रेनिंग जारी रख रही है। कम उम्र में ही उसने इस खेल को गंभीरता से अपनाया और नियमित अभ्यास के जरिए अपनी तकनीक और गति पर लगातार काम कर रही है।
अब वंशिका की नजर सीबीएसई नेशनल चैंपियनशिप पर है। इस उपलब्धि पर गांव के प्रधान एवं समाजसेवी शंकर सिंह बिष्ट ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि वंशिका ने अपनी मेहनत और प्रतिभा से गांव का नाम रोशन किया है।
उसकी यह सफलता पूरे गांव के लिए गर्व की बात है। उन्होंने वंशिका को आगामी सीबीएसई नेशनल चैंपियनशिप के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गांववासियों को पूरी उम्मीद है कि वह राष्ट्रीय स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन कर गांव और क्षेत्र का नाम रोशन करेगी।