उत्तरकाशी जिले से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. मोरी विकासखंड क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अपने चाचा की हत्या कर दी.
उत्तरकाशी: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले से बड़ी खबर सामने आई है. मोरी विकासखंड के धोला-बरी दांताधार तोक में भतीजे ने चाचा पर कुल्हाड़ी से वार किया. इस हमले में चाचा की मौत हो गई. फिलहाल हत्या का असली कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है. क्योंकि शुरुआती जांच में भी दोनों परिवारों के बीच किसी तरह का विवाद, जमीन संबंधी झगड़े या पुरानी रंजिश के स्पष्ट प्रमाण नहीं मिले हैं. इस हत्याकांड के बाद से ही पुलिस फरार है.
बताया जा रहा है कि मामला सोमवार का है. सूचना मिलते ही मोरी थाने से पुलिस वारदात स्थल के लिए रवाना हुई. इसके बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ शुरू की. गांव में मातम का माहौल होने के कारण पुलिस ने पहले आवश्यक पंचनामा कार्रवाई पूरी की. इसके बाद शव को मोरी लाने की प्रक्रिया शुरू की गई.
तहसील मुख्यालय मोरी से घटनास्थल की दूरी करीब 62 किलोमीटर है. सड़क की खराब स्थिति के चलते पुलिस को शव मोरी पहुंचाने में देर रात तक का समय लग गया. मंगलवार सुबह शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगांव भेजा गया.
चाचा पर कुल्हाड़ी से कई वार किए: थानाध्यक्ष दीपक रावत ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि करम चंद अपनी गाड़ी लेकर मोरी जाने की तैयारी कर रहा था. इसी दौरान वह होटल के पास मौजूद था, जहां तीन-चार लोग आपस में बातचीत कर रहे थे. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इसी बीच भतीजे सुमन चंद ने अचानक कुल्हाड़ी से चाचा करम चंद पर हमला कर दिया. आरोपी ने उसके हाथ और गर्दन पर लगातार कई वार किए. गंभीर रूप से घायल करम चंद की मौके पर ही मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया.
भतीजे पर हत्या का मुकदमा दर्ज: पुलिस ने बताया कि इस मामले में मृतक करम चंद की पत्नी बिरमा देवी ने तहरीर दी है. तहरीर के आधार पर आरोपी सुमन चंद के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया. पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है. मंगलवार को भी पुलिस की एक टीम को दांताधार और बरी गांव भेजा गया, जहां ग्रामीणों और घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ की गई. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही हत्या की वजह भी स्पष्ट होने की उम्मीद है.
तीन-चार साल पुरानी बात को लेकर परिजनों ने लगाए आरोप: पुलिस पूछताछ में मृतक के भाइयों परम चंद और धरम चंद ने बताया कि करीब तीन-चार वर्ष पहले करम चंद समेत कुछ ग्रामीणों ने तत्कालीन प्रधान सुमन चंद की दादी के कार्यकाल से जुड़े कार्यों की जांच की मांग उठाई थी.
परिजनों का आरोप है कि इसी बात को लेकर आरोपी सुमन चंद अपने चाचा करम चंद और कुछ अन्य ग्रामीणों से नाराज चल रहा था और उन्हें जान से मारने की धमकी देता था. परिजनों ने आरोपी के व्यवहार को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि आरोपी की प्रवृत्ति मानसिक रूप से अस्थिर बताई जाती रही है. उन्होंने पुलिस से आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने और उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है.
चार गांवों में दहशत का माहौल: दिनदहाड़े हुई हत्या की इस वारदात के बाद सेवा, बरी, धोला और हड़वाड़ी गांवों में भय और दहशत का माहौल है. पुलिस का कहना है कि अभी तक जांच में हत्या के पीछे किसी एक कारण की पुष्टि नहीं हुई है. पुरानी रंजिश, पारिवारिक संबंधों और अन्य संभावित कारणों को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है.