भाजपा ने उत्तराखंड की राज्यसभा सीट के लिए दिनेश आर्य के नाम का ऐलान किया है।
तमाम आकलन ध्वस्त, भाजपा ने फिर चौंकाया
उत्तराखंड से राज्यसभा के लिए दिनेश आर्य को बनाया प्रत्याशी
देहरादून। उत्तराखंड की राज्यसभा सीट को लेकर चल रहे तमाम राजनीतिक कयासों और संभावित नामों की चर्चाओं पर भाजपा ने विराम लगा दिया है।

पार्टी ने उत्तराखंड से राज्यसभा के लिए दिनेश आर्य को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। भाजपा के इस फैसले के बाद राज्य की सियासत में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
राज्यसभा की एक सीट नवंबर में रिक्त होने वाली है। इस सीट को लेकर भाजपा के भीतर लंबे समय से मंथन चल रहा था। प्रदेश कोर कमेटी की बैठक में करीब दो दर्जन नामों पर चर्चा हुई थी और मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष तथा प्रदेश महामंत्री संगठन को नामों का पैनल तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई थी।
इसके बाद राजनीतिक गलियारों में कई वरिष्ठ नेताओं के नामों को लेकर कयास लगाए जा रहे थे। पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व केंद्रीय मंत्री, संगठन से जुड़े नेताओं और अन्य प्रमुख चेहरों के नाम चर्चा में थे। मीडिया रिपोर्टों में भी अलग-अलग नामों को संभावित दावेदार के तौर पर सामने रखा गया था।
लेकिन भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने इन तमाम चर्चाओं से अलग दिनेश आर्य के नाम पर मुहर लगाकर एक बार फिर अपने निर्णय को लेकर राजनीतिक हलकों को चौंका दिया है। अब दिनेश आर्य के प्रत्याशी बनाए जाने के बाद पार्टी के इस फैसले के राजनीतिक और सामाजिक समीकरणों पर चर्चा शुरू हो गई है।
भाजपा ने उत्तराखंड के साथ पश्चिम बंगाल से भी राज्यसभा के लिए उम्मीदवार की घोषणा की है।



